सोनू वर्मा, नूंह। हरियाणा के नूंह जिले में रविवार को नीट 2026 की प्रवेश परीक्षा पूरी तरह शांतिपूर्ण, साफ-सुथरे और व्यवस्थित तरीके से पूरी हो गई। परीक्षा को लेकर जिला प्रशासन की तरफ से पहले से ही पुख्ता इंतजाम किए गए थे। अतिरिक्त उपायुक्त (एडीसी) ज्योति ने बताया कि जिले में बनाए गए सभी चारों परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा का आयोजन बेहद सफल रहा। इस परीक्षा में कुल 1,646 बच्चों ने रजिस्ट्रेशन कराया था, जिनमें से 1,535 छात्रों ने परीक्षा दी और 111 बच्चे गैरहाजिर रहे।

एडीसी ज्योति ने परीक्षा शुरू होने से पहले खुद सभी सेंटरों का दौरा किया था और वहां की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया था। परीक्षा के दौरान सुरक्षा को लेकर काफी कड़े इंतजाम देखे गए। सभी केंद्रों पर भारी पुलिस बल तैनात रहा और पूरी परीक्षा पर सीसीटीवी कैमरों के जरिए कड़ी नजर रखी गई।
नियमों के तहत हुई चेकिंग, सेंटर्स पर पानी-बिजली के थे पूरे इंतजाम
एडीसी ने बताया कि परीक्षा देने आए सभी छात्र-छात्राओं की एंट्री तय नियमों के अनुसार कड़ी जांच के बाद ही कराई गई। सेंटर्स पर बच्चों की लाइनें लगवाकर व्यवस्थित तरीके से चेकिंग की गई, जिससे कहीं भी भीड़भाड़ या अफरा-तफरी का माहौल नहीं बना। इसके साथ ही भीषण गर्मी को देखते हुए प्रशासन ने परीक्षा केंद्रों पर ठंडे पानी, बिजली की बैकअप व्यवस्था और साफ-सफाई के खास इंतजाम किए थे, ताकि बच्चों को पेपर देते समय किसी भी तरह की परेशानी न झेलनी पड़े।
जानिए किस परीक्षा केंद्र पर कितने बच्चे रहे उपस्थित
प्रशासन की तरफ से जारी आंकड़ों के अनुसार, चारों केंद्रों पर बच्चों की उपस्थिति इस प्रकार रही
- राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय नूंह (केंद्र-1): यहां कुल 494 बच्चों में से 471 ने परीक्षा दी, जबकि 23 छात्र अनुपस्थित रहे।
- राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय नूंह (केंद्र-2): इस सेंटर पर 600 में से 548 बच्चे पहुंचे और 52 गैरहाजिर रहे।
- राजकीय आईटीआई मरोड़ा: यहां कुल 240 बच्चों में से 224 उपस्थित रहे और 16 अनुपस्थित पाए गए।
- शहीद लेफ्टिनेंट किरण शेखावत राजकीय महिला महाविद्यालय, सालाहेड़ी: इस केंद्र पर पंजीकृत 312 बच्चों में से 292 ने पेपर दिया, जबकि 20 छात्र नहीं पहुंचे।
इस सफल आयोजन के बाद अतिरिक्त उपायुक्त ज्योति ने परीक्षा ड्यूटी में लगे सभी अधिकारियों, पुलिसकर्मियों, स्कूल स्टाफ और केंद्र अधीक्षकों की पीठ थपथपाई। उन्होंने कहा कि सभी विभागों के आपसी तालमेल और मेहनत की वजह से ही जिले में इतनी बड़ी परीक्षा बिना किसी बाधा के पूरी हो सकी है।

