हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने नीट परीक्षार्थियों के लिए बड़ी घोषणा की है। छात्र अपना एडमिट कार्ड दिखाकर 20 और 21 जून को हरियाणा रोडवेज की बसों में निशुल्क सफर कर सकेंगे।
कृष्ण कुमार सैनी, चंडीगढ़। हरियाणा सरकार ने NEET (National Eligibility cum Entrance Test) [नेशनल एलिजिबिलिटी कम एंट्रेंस टेस्ट] परीक्षा देने वाले विद्यार्थियों के लिए बड़ी सुविधा का ऐलान किया है। मुख्यमंत्री Nayab Singh Saini ने कहा कि 21 जून को होने वाली नीट परीक्षा को ध्यान में रखते हुए सरकार ने 20 और 21 जून के लिए पूरे प्रदेश में अभ्यर्थियों हेतु मुफ्त हरियाणा रोडवेज बस सेवा की व्यवस्था की है। विद्यार्थी अपना एडमिट कार्ड (प्रवेश पत्र) दिखाकर किसी भी हरियाणा रोडवेज बस में निशुल्क यात्रा कर सकेंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि किसी भी विद्यार्थी को परीक्षा केंद्र तक पहुंचने में परेशानी न हो। उन्होंने कहा कि पहले भी विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं के दौरान सरकार ने परिवहन और अन्य व्यवस्थाओं को लेकर विशेष कदम उठाए थे, ताकि युवा बिना तनाव के परीक्षा दे सकें। सरकार की प्राथमिकता युवाओं की सफलता है और परीक्षा के दौरान हर संभव सहयोग देना उसका दायित्व है।
मुख्यमंत्री ने नीट अभ्यर्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सभी विद्यार्थी पूरे मनोयोग से परीक्षा में शामिल हों, अच्छी तैयारी के साथ अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करें और अपने उज्ज्वल भविष्य की ओर एक और मजबूत कदम बढ़ाएं। उन्होंने कहा कि सरकार सभी बच्चों की सफलता की कामना करती है और परीक्षा को लेकर पूरी गंभीरता के साथ तैयारियां कर रही है।

