राकेश कथूरिया, कैथल। हरियाणा के कैथल जिले में 21 जून को नीट यानी नेशनल एलिजिबिलिटी कम एंट्रेंस टेस्ट की परीक्षा आयोजित होने जा रही है। इस परीक्षा को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। डीसी अपराजिता ने बताया कि इस बार जिले के 5 परीक्षा केंद्रों पर कुल 1876 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। परीक्षा को पूरी तरह निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और बेहतर ढंग से पूरा कराने के लिए प्रशासन ने अपनी सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं।

डीसी ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं कि परीक्षा के इंतजामों में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी विभाग आपसी तालमेल के साथ काम करें ताकि बच्चों को परीक्षा देने में कोई दिक्कत न आए।
सुरक्षा और ट्रैफिक के खास इंतजाम, तैनात रहेंगे ड्यूटी मजिस्ट्रेट
प्रशासन ने परीक्षा के दिन सुरक्षा, ट्रैफिक व्यवस्था, मेडिकल टीम और बिना किसी कट के बिजली सप्लाई सुनिश्चित करने के आदेश दिए हैं। एडीसी सुशील कुमार को इस पूरी परीक्षा का नोडल अधिकारी बनाया गया है, जो सभी व्यवस्थाओं की देखरेख करेंगे।
इसके साथ ही सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए 8 ड्यूटी मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं, जिनमें से 3 मजिस्ट्रेट को रिजर्व में रखा गया है ताकि जरूरत पड़ने पर तुरंत एक्शन लिया जा सके।
परीक्षार्थियों की मदद के लिए हेल्प डेस्क, समय पर पहुंचने की अपील
परीक्षा देने आने वाले स्टूडेंट्स और उनके अभिभावकों की सुविधा के लिए जिला प्रशासन की तरफ से एक स्पेशल हेल्प डेस्क भी बनाया जा रहा है। किसी भी तरह की समस्या या जानकारी के लिए लोग हेल्प डेस्क के फोन नंबर 01746-234203 पर संपर्क कर सकते हैं।
नीट की परीक्षा दोपहर 2 बजे से शुरू होगी। डीसी ने सभी परीक्षार्थियों से अपील की है कि वे परीक्षा केंद्र पर तय समय से काफी पहले पहुंचें। जल्दी पहुंचने से केंद्र के मुख्य गेट पर होने वाली चेकिंग यानी फ्रिस्किंग की प्रक्रिया बिना किसी भागदौड़ के आराम से पूरी हो सकेगी।
कैथल जिले में इन जगहों पर बने हैं परीक्षा केंद्र
प्रशासन की तरफ से जिले में जिन 5 स्कूलों और कॉलेजों को परीक्षा केंद्र बनाया गया है, उनकी सूची इस प्रकार है।
- डॉ. बी.आर. अम्बेडकर राजकीय महाविद्यालय, जगदीशपुरा
- राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, कमेटी चौक, कैथल
- जवाहर नवोदय विद्यालय, तितरम
- पीएम श्री राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, जखोली अड्डा
- राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, गीता भवन, कैथल

