Bihar news: नीट पेपर लीक मुद्दे को लेकर दिल्ली के जंतर मंतर पर हो रहे छात्रों के प्रदर्शन को लेकर पीएम मोदी ने एक वीडियो संदेश जारी किया है, जिसमें उन्होंने कहा कि, पेपर लीक घटना से अब तक पिछले ढाई महीनों में कई असरदार कदम उठाए गए हैं। दोषी पकड़े गए हैं और जेल में हैं। हमारी सबसे बड़ी ज़िम्मेदारी थी कि विद्यार्थियों का साल बर्बाद न हो। तत्काल पेपर लेना जरूरी था। सरकार ने पूरी ताकत लगाई ताकि 22 लाख विद्यार्थियों की कम से कम समय में परीक्षा हो जाए। 19 जुलाई को रिजल्ट भी आ गए।
प्रधानमंत्री ने आगे कहा कि, मैंने आज विभागों को फास्ट-ट्रैक कोर्ट के लिए विभागों को निर्देश दिए थे। विभागों ने मुझे देर रात प्रस्ताव दे दिया। इस प्रस्ताव पर कल कैबिनेट में चर्चा होगी। कैबिनेट के साथियों के सुझावों के बाद इसे अंतिम रूप दिया जाएगा। सोमवार से संसद का दूसरा हफ्ता शुरू हो रहा है, इसलिए उस बिल को जल्द से जल्द सदन में पारित कराने का प्रयास जाएगी।
नितिन नबीन ने शेयर किया पीएम मोदी का वीडियो
पीएम मोदी के वीडियो संदेश पर बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन की प्रतिक्रिया भी सामने आई है। नीतीन नबीन ने पीएम मोदी के वीडियो संदेश को जारी करते हुए लिखा, पीएम नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार पेपर लीक जैसे अपराधों पर और सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए फास्ट-ट्रैक कोर्ट तथा कठोर दंड का प्रावधान लाने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रही है। प्रधानमंत्री जी ने आश्वस्त किया है कि इस संबंध में विधेयक को कैबिनेट की मंजूरी के साथ जल्द ही संसद में लाकर पारित कराने का प्रयास किया जाएगा।
सोनम वांगचुक ने खत्म की भूख हड़ताल
उधर बीते 26 दिनों से आमरण अनशन पर बैठे एक्टिविस्ट सोनम वांगचुक ने अपनी भूख हड़ताल खत्म कर दी है। कल देर रात केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा और जितेंद्र सिंह उनसे मुलाकात करने मेदांता हॉस्पिटल पहुंचे, जहां उनकी मौजूदगी में उन्होंने अपना अनशन तोड़ा। सोनम वांगचुक ने एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा, अभी-अभी केंद्रीय मंत्री जे.पी. नड्डा और डॉ. जितेंद्र सिंह और लेह लद्दाख की एपेक्स बॉडी के वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में मैंने आखिरकार 26 दिन बाद अपना अनशन समाप्त किया। इससे पहले अलग-अलग राजनीतिक पार्टियों के 65 सांसद मुझसे मिलने आए थे या लेटर पर साइन करके मुझसे अनशन समाप्त करने का अनुरोध किया था। यह अलग-अलग शर्तों पर लंबी बातचीत और देश में संभावित हिंसा को देखते हुए किया गया।
जंतर मंतर पर सीजेपी का धरना-प्रदर्शन जारी
सोनम वांगचुक के अनशन खत्म करने के बाद भी जंतर मंतर पर सीजेपी का धरना प्रदर्शन जारी है। आज शुक्रवार की सुबह मीडिया से बातचीत में CJP प्रवक्ता वैष्णवी गौर ने बताया कि, सरकार हमसे न्यूट्रल स्थान पर मिलने के लिए सहमत हो गई है। हम अपनी मांगें रखेंगे, जिन पर हम पहले दिन से कायम हैं। धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा, पीड़ित परिवारों के लिए मुआवजा, निर्दोष प्रदर्शनकारियों पर सभी एफआईआर हटाई जाएं और उन पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई हो जिन्होंने प्रदर्शनकारियों पर बर्बरता की।
ये भी पढ़ें- Patna Student Protest: पटना छात्र आंदोलन के बाद ताबड़तोड़ कार्रवाई, 60 संदिग्धों की फोटो जारी


