Patna Student Protest: पटना में बीते 22 जुलाई को प्रदर्शन के दौरान हुए हिंसा और उपद्रव मामले में पुलिस ने अपनी कार्रवाई तेज कर दी है। पुलिस ने प्रदर्शन के दौरान तोड़फोड़ व सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने के आरोप में 55 लोगों को गिरफ्तार किया है। वहीं, अलग-अलग थानों में कुल 21 मामले दर्ज किए गए हैं, जिनमें 250 से अधिक नामजद एफआईआर और लगभग 3000 अज्ञात के खिलाफ एफआईआर दर्ज करते हुए उन्हें आरोपी बनाया गया है।
पुलिस ने जारी की 60 संदिग्ध लोगों की तस्वीरें
प्रदर्शन में शामिल और तोड़फोड़ करने वाले युवाओं की पहचान तेजी से की जा रही है। पटना पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, सोशल मीडिया वीडियो और ड्रोन कैमरों की जांच के आधार पर 60 संदिग्ध लोगों की तस्वीरों को शेयर किया है। इसके साथ ही पुलिस ने लोगों से उनकी पहचान करने में पुलिस की सहयोग करने की अपील की है। पटना पुलिस ने संदिग्ध लोगों की तस्वीरों को शेयर करते हुए लिखा, इन उपद्रवी तत्वों की पहचान करने में पटना पुलिस का सहयोग करें। फोटो के क्रम संख्या के अनुसार व्यक्तियों को चिन्हित करते हुए इसकी सूचना 0612-2217000, 9939919191 नंबर पर पटना पुलिस को उपलब्ध करायें, ताकि उनके विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जा सके।
लाठीचार्ज के बाद बढ़ा विवाद
गौरतलब है कि बुधवार 22 जुलाई को विभिन्न छात्र संगठनों के बैनर तले छात्र सड़क पर उतरे और शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग करने लगे। इस दौरान उन्होंने गांधी मैदान से लोक भवन तक मार्च निकाला। हालांकि जेपी गोलंबर के पास पहुंचने पर पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया और छात्रों को वापस लौटने को कहा। हालांकि छात्र कोई भी बात सुनने को तैयार नहीं थे। इसके बाद पुलिस ने हालात को नियंत्रित करने के लिए लाठीचार्ज कर दिया, जिसके बाद हालात और बिगड़ गए।
सीएम-डिप्टी सीएम आवास तक पहुंचे छात्र
प्रदर्शनकारी छात्रों का काफिला सीएम और डिप्टी सीएम आवास तक पहुंच गया था। सुरक्षा बलों ने लाठीचार्ज और वाटर कैनन का इस्तेमाल कर छात्रों की भीड़ को तीतर-बितर किया। इस दौरान आंसू गैस के गोले तक छोड़े गए। घंटों तक चले इस संघर्ष में कई छात्रों और कुछ पुलिसकर्मियों के साथ मीडियाकर्मियों को भी चोटें आईं। प्रदर्शन के दौरान बीजेपी के नेता और कार्यकर्ता भी उसकी चेपट में आ गए। प्रदर्शनकारियों द्वारा बीजेपी नेता और कार्यकर्ताओं के साथ मारपीट और उनकी गाड़ियों के साथ तोड़फोड़ करने की भी बात सामने आई है। इसके साथ ही पुलिस के वाहन को भी नुकसान पहुंचाया गया है।
ये भी पढ़ें- Bihar Today Weather: बिहार के इन 4 जिलों में मूसलाधार बारिश का अलर्ट, जानें अपने शहर का हाल


