दिल्ली के जंतर-मंतर पर NEET पेपर लीक विवाद को लेकर छात्रों का प्रदर्शन जारी है। प्रदर्शन स्थल पर बड़ी संख्या में छात्र और प्रदर्शनकारी जुटे हुए हैं। स्थिति को देखते हुए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। प्रदर्शनकारी लगातार नारेबाजी कर रहे हैं और पेपर लीक मामले में दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

इसी बीच बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान ने छात्रों से अपना आंदोलन खत्म कर घर लौटने की अपील की है। सलमान खान ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट शेयर करते हुए कहा कि उन्हें भरोसा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पेपर लीक के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करेंगे।

24 घंटे में सलमान खान का दूसरा पोस्ट

सलमान खान ने अपने पोस्ट में छात्रों से अपील करते हुए कहा कि पढ़ाई और सुरक्षा, दोनों ही मामलों में छात्र देश की पहली प्राथमिकता हैं। उन्होंने छात्रों और उनके माता-पिता से चिंता न करने की बात कही और भरोसा जताया कि सरकार पेपर लीक मामले में दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करेगी।

अभिनेता ने छात्रों से कहा कि वे अपने माता-पिता के पास वापस लौट जाएं। उन्होंने प्रदर्शन कर रही एक छात्रा सोनम से भी आंदोलन को आगे न बढ़ाने की अपील की और कहा कि जरूरत पड़ने पर वह घर से खाना भेज सकते हैं।

पहले भी छात्रों के समर्थन में बोले थे सलमान

यह 24 घंटे के भीतर सलमान खान का छात्रों के आंदोलन को लेकर दूसरा सोशल मीडिया पोस्ट है। इससे एक दिन पहले उन्होंने शांतिपूर्ण प्रदर्शन की सराहना करते हुए आंदोलन के हिंसक होने पर दुख जताया था। उन्होंने घायल छात्रों और उनके परिवारों के प्रति संवेदना भी व्यक्त की थी।

सलमान खान ने कहा था कि NEET पेपर लीक का मुद्दा छात्रों और शिक्षा व्यवस्था से जुड़ा है, इसलिए इसका राजनीतिकरण नहीं होना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि आंदोलन का श्रेय केवल देश के छात्रों को मिलना चाहिए।

सरकार से की थी सख्त कार्रवाई की अपील

सलमान खान ने उम्मीद जताई कि सरकार छात्रों का समर्थन करेगी और देश की शिक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए जरूरी कदम उठाएगी। उन्होंने छात्रों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए सकारात्मक फैसले की उम्मीद जताई।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m