NEET UG-2026: नीट की तैयारी कर रहे लाखों छात्रों के लिए एक बहुत बड़ा झटका लगा है। 3 मई 2026 को हुई नीट (UG) की परीक्षा को नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने रद्द कर दिया है। पेपर लीक होने की आशंका के बाद यह कड़ा फैसला लिया गया है। अब इसकी जांच सीबीआई (CBI) के हाथों में होगी।

इस फैसले के बाद राजस्थान की राजनीति में उबाल आ गया है। पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने भाजपा सरकार पर हमला बोलते हुए इसे युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ बताया है।
क्यों रद्द हुई परीक्षा?
3 मई को जब नीट का पेपर हुआ, तभी से इसके लीक होने की खबरें तैर रही थीं। जांच एजेंसियों से मिले इनपुट और केंद्र सरकार की हरी झंडी के बाद एनटीए ने माना कि पेपर की पवित्रता से समझौता हुआ है। अब यह साफ हो गया है कि परीक्षा दोबारा कराई जाएगी। छात्र काफी समय से मांग कर रहे थे कि सच सामने आना चाहिए। आखिर अब जाकर सच्चाई की जीत हुई है।
चेहरा बेनकाब हो गया
पूर्व सीएम अशोक गहलोत ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर भाजपा सरकार को आड़े हाथों लिया। उन्होंने लिखा कि परीक्षा का रद्द होना इस बात का सबूत है कि गड़बड़ी बहुत बड़े लेवल पर हुई थी। गहलोत ने सीधा आरोप लगाया कि राजस्थान की भाजपा सरकार ने दो हफ्ते तक इस मामले को दबाए रखा।
उन्होंने लिखा – NEET (UG) प्रवेश परीक्षा का रद्द होना यह दर्शाता है कि इस पेपर में बड़े स्तर पर गड़बड़ी हुई थी। राजस्थान की भाजपा सरकार ने जानबूझकर दो सप्ताह तक इसे छिपाने की कोशिश की और युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ किया। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने परीक्षा रद्द कर और सीबीआई को जांच सौंपकर युवाओं के हित में एक साहसिक निर्णय लिया है। राजस्थान की भाजपा सरकार ने पहले कर्मचारी चयन बोर्ड में हुए OMR शीट घोटाले को छिपाया, ताकि सरकार की बदनामी न हो। कमजोर पैरवी के कारण उस मामले के आरोपियों को जमानत भी मिल गई। इसी प्रकार, अब NEET (UG) परीक्षा लीक की जानकारी को भी छिपाने का प्रयास किया गया और एफआईआर तक दर्ज नहीं की गई। अब सच्चाई सामने आ गई है और भाजपा सरकार का असली चेहरा बेनकाब हो गया है।
उनका कहना है कि सरकार सिर्फ अपनी बदनामी से डर रही थी। उन्होंने ओएमआर शीट घोटाले का भी जिक्र किया और कहा कि कमजोर पैरवी की वजह से आरोपी जेल से बाहर आ गए। अब नीट मामले ने सरकार की मुश्किल बढ़ा दी है।
दोबारा होगी परीक्षा, शेड्यूल का इंतजार
अब सवाल यह है कि परीक्षा दोबारा कब होगी? एनटीए ने साफ किया है कि नीट-यूजी 2026 अब नए सिरे से कराई जाएगी। नई तारीखों का ऐलान जल्द ही आधिकारिक वेबसाइट पर होगा। एडमिट कार्ड भी दोबारा जारी किए जाएंगे। लाखों छात्रों की मेहनत अब फिर से दांव पर है।
पढ़ें ये खबरें
- विशाल मेगा मार्ट में हाई वोल्टेज ड्रामा: वीडियो वायरल होने पर मचा बवाल, कोतवाली पहुंचा मामला
- रफ्तार का कहरः सड़क किनारे खड़े डंपर से जा भिड़ा ट्रक, मंजर देख सहम उठे लोग
- डेरा हिंसा मामला: पंजाब-हरियाणा हाईकोर्ट ने चार आरोपियों की बरी होने का फैसला बरकरार रखा, हरियाणा सरकार की अपील खारिज
- जेडीयू में गुटबाजी की खबरों पर पूर्व प्रदेश महासचिव ने तोड़ी चुप्पी, परिवारवाद पर साधा निशाना
- दिल्ली में बिजली बिल फिर होगा महंगा, डीईआरसी ने 8% तक अतिरिक्त सरचार्ज बढ़ाने को दी मंजूरी
