हेमंत शर्मा, इंदौर। NEET-UG 2026 के परिणाम घोषित हो गए हैं। देशभर के लाखों अभ्यर्थियों का इंतजार खत्म होने के साथ ही इंदौर के लिए भी बड़ी खुशखबरी सामने आई है। शहर के छात्र आराध्य गर्ग ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ऑल इंडिया रैंक (AIR) 110 हासिल की है। इसके साथ ही वे इंदौर के टॉपर बन गए हैं। आराध्य गर्ग को जनरल कैटेगरी में 85वीं रैंक मिली है। उनकी इस उपलब्धि ने न केवल इंदौर बल्कि पूरे मध्य प्रदेश का गौरव बढ़ाया है। कठिन प्रतिस्पर्धा वाली मेडिकल प्रवेश परीक्षा में इतनी उत्कृष्ट रैंक हासिल करना उनकी मेहनत, लगन और अनुशासित तैयारी का परिणाम माना जा रहा है।

READ MORE: सिंगरौली में युवती से गैंगरेप: किडनैप कर जंगल ले जाकर की दरिंदगी, 3 आरोपियों को जेल

आराध्य की सफलता के बाद उनके परिवार में खुशी का माहौल है। परिजनों, शिक्षकों और शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। शिक्षकों का कहना है कि आराध्य शुरू से ही पढ़ाई के प्रति गंभीर और मेहनती रहे हैं, जिसका परिणाम आज पूरे देश के सामने है।आराध्य के पिता, जो स्वयं एक योगा एक्सपर्ट हैं, ने बताया कि वे नियमित रूप से आराध्य को मेडिटेशन कराते थे। इससे उसे पढ़ाई के दौरान मानसिक एकाग्रता बनाए रखने में काफी मदद मिली। आराध्य कोचिंग के टॉप मेरिट बैच का हिस्सा था, जहाँ उसे विशेष मार्गदर्शन प्राप्त हुआ।

NEET-UG देश की सबसे प्रतिष्ठित मेडिकल प्रवेश परीक्षाओं में से एक है। इस परीक्षा के माध्यम से एमबीबीएस, बीडीएस और अन्य मेडिकल पाठ्यक्रमों में प्रवेश मिलता है। ऐसे में आराध्य गर्ग की यह उपलब्धि इंदौर के साथ-साथ पूरे प्रदेश के छात्रों के लिए प्रेरणा का स्रोत बन गई है।

21 जून को दोबारा हुई थी परीक्षा 

इस वर्ष की NEET-UG परीक्षा काफी चुनौतीपूर्ण रही। पेपर लीक की घटनाओं के कारण 3 मई को आयोजित परीक्षा को रद्द करना पड़ा था। इसके बाद NTA ने 21 जून को देश-विदेश के 551 शहरों में 5,440 केंद्रों पर दोबारा परीक्षा आयोजित की। अब सफल उम्मीदवारों के लिए मेडिकल पाठ्यक्रमों में प्रवेश हेतु काउंसिलिंग प्रक्रिया शुरू की जाएगी।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m