राकेश कथूरिया ,कैथल। उपायुक्त अपराजिता ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा की गई घोषणाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। इनके क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की ढिलाई या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। लंबित परियोजनाओं पर जल्द कार्य शुरू कराया जाए और प्रगति पर चल रहे कार्यों को निर्धारित समय सीमा में पूरा किया जाए, ताकि आमजन को योजनाओं का लाभ मिल सके।

बुधवार को लघु सचिवालय सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में डीसी अपराजिता ने मुख्यमंत्री घोषणाओं की विभागवार प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि सभी परियोजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए और मुख्यालय स्तर पर लंबित मामलों का लगातार फॉलोअप किया जाए।

405 घोषणाओं में 276 पूरी, 84 पर कार्य जारी

बैठक में बताया गया कि जिले में मुख्यमंत्री द्वारा अब तक कुल 405 घोषणाएं की गई हैं। इनमें से 276 घोषणाएं पूरी हो चुकी हैं, जबकि 84 परियोजनाओं पर कार्य प्रगति पर है। वहीं 18 घोषणाओं पर अभी कार्य शुरू नहीं हुआ, जबकि 27 घोषणाएं नोट फिजिबल श्रेणी में हैं।

जूडो हॉल में देरी पर जिला खेल अधिकारी को नोटिस

सोंगल गांव में प्रस्तावित जूडो हॉल के निर्माण कार्य में देरी पर डीसी ने नाराजगी जताते हुए जिला खेल अधिकारी को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन परियोजनाओं में अनावश्यक विलंब हो रहा है, उनकी जवाबदेही तय की जाएगी।

बाईपास और सड़क परियोजनाओं में तेजी लाने के निर्देश

चीका सिटी से पटियाला रोड तक प्रस्तावित बाईपास परियोजना की समीक्षा करते हुए डीसी ने भूमि अधिग्रहण से जुड़ी सत्यापन प्रक्रिया शीघ्र पूरी करने के निर्देश दिए। वहीं पूंडरी-ढांड रोड का नाम गुरु ब्रह्मानंद मार्ग किए जाने संबंधी कार्य को जल्द पूरा करने के लिए संबंधित विभाग को मुख्यालय स्तर पर समन्वय करने को कहा।

महिला कॉलेज और जल निकासी योजनाओं की भी समीक्षा

धनौरी गांव में प्रस्तावित महिला कॉलेज, जलापूर्ति परियोजना और गंदे पानी की निकासी व्यवस्था को लेकर भी अधिकारियों से रिपोर्ट ली गई। अधिकारियों ने बताया कि महिला कॉलेज के लिए नया नक्शा तैयार किया जा रहा है और अंतिम ड्राइंग आर्किटेक्ट विभाग से प्राप्त होना बाकी है।

फतेहपुर पूंडरी में जल्द लगेंगे सीसीटीवी कैमरे

फतेहपुर पूंडरी में सीसीटीवी कैमरा परियोजना की समीक्षा के दौरान अधिकारियों ने बताया कि संबंधित टेंडर 23 जून को खोले जा चुके हैं। डीसी ने कार्य शीघ्र शुरू करने के निर्देश दिए। इसके अलावा संस्कृत विश्वविद्यालय धनौरी में हॉल एवं ई-लाइब्रेरी, क्योड़क में लुवास सेंटर और गुहला-चानचक रोड सहित कई विकास परियोजनाओं की भी समीक्षा की गई।

डीसी अपराजिता ने कुछ परियोजनाओं की वास्तविक स्थिति का निरीक्षण करने के लिए सहायक आयुक्त (अंडर ट्रेनिंग) शिवानी पांचाल को मौके पर जाकर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।

बैठक में सीईओ जिला परिषद सुरेश राविश, डीएमसी कपिल शर्मा, सीएमओ डॉ. रेणु चावला सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।