सरोज कुमार गुप्ता, सीतामढ़ी। नेपाल के ऊपरी जलग्रहण क्षेत्र में फ्लैश फ्लड की स्थिति को देखते हुए बिहार में हाई अलर्ट जारी किया गया है। गंडक नदी में अचानक जलप्रवाह बढ़ने और करीब 3 मीटर तक ऊंची फ्लैश फ्लड वेव आने की संभावना जताई गई है। इसे देखते हुए गंडक नदी से जुड़े जिलों में प्रशासन को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं।

मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत की अध्यक्षता में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक हुई। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संबंधित जिलों के जिलाधिकारी और पुलिस पदाधिकारी बैठक में शामिल हुए। अधिकारियों को नदी के जलस्तर, तटबंधों, निचले इलाकों, पुल-पुलियों और संवेदनशील क्षेत्रों की लगातार निगरानी करने के निर्देश दिए गए हैं।

इन 8 जिलों में अलर्ट जारी

गंडक नदी के संभावित बढ़े जलप्रवाह को देखते हुए पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सारण, मुजफ्फरपुर और वैशाली में विशेष सतर्कता बरती जा रही है। वहीं सीतामढ़ी, शिवहर समेत अन्य संवेदनशील जिलों को भी स्थिति पर लगातार नजर रखने को कहा गया है।

संभावित आपदा से निपटने के लिए NDRF और SDRF की अग्रिम तैनाती की जा रही है। गोपालगंज में NDRF की एक टीम भेजने, मुजफ्फरपुर में एक टीम को स्टैंडबाय रखने और बेतिया में भी NDRF टीम की तैनाती सुनिश्चित करने की कार्रवाई की जा रही है। जरूरत पड़ने पर SSB की QRT और अतिरिक्त संसाधनों की भी मदद ली जाएगी।

संभावित बाढ़ को देखते हुए प्रशासन ने कसी कमर

प्रशासन को संभावित प्रभावित आबादी के लिए निकासी योजना, नाव, राहत शिविर और सामुदायिक रसोई की व्यवस्था तैयार रखने के निर्देश दिए गए हैं। जल संसाधन विभाग को गंडक बैराज, नहरों और तटबंधों की लगातार निगरानी करने को कहा गया है। राज्य सरकार ने लोगों से घबराने की अपील नहीं की है, लेकिन संभावित बाढ़ को लेकर सतर्क और तैयार रहने को कहा है। नागरिकों से प्रशासन की आधिकारिक सूचनाओं पर भरोसा करने और अफवाहों से बचने की अपील की गई है।

घबराने की नहीं, सतर्क रहने की जरूरत

जिलाधिकारियों को नियमित मीडिया ब्रीफिंग करने और सोशल मीडिया पर भ्रामक सूचनाओं की निगरानी करने के निर्देश भी दिए गए हैं। सरकार का कहना है कि स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त NDRF/SDRF टीम, नाव और अन्य संसाधनों की तत्काल तैनाती की जाएगी। प्रशासन ने साफ संदेश दिया है की बाढ़ की आशंका को दखते हुए लोगों को घबराने की जरूरत नहीं, लेकिन सतर्क और तैयार रहना जरूरी है।

ये भी पढ़ें- हिजाब विवाद पर चिराग पासवान ने ओवैसी को दिया जवाब! बोले- धार्मिक वेशभूषा पर रोक ठीक नहीं