Bihar News: नेपाल में भूस्खलन के बाद अचानक आई बाढ़ को देखते हुए बिहार में सतर्कता बढ़ा दी गई है। नेपाल के गोरखा जिले के चुमनुब्री क्षेत्र में रविवार (11 अक्टूबर 2026) की सुबह भूस्खलन के कारण बूढ़ी गंडक नदी का प्रवाह बाधित हो गया। इससे नदी में अचानक पानी बढ़ने और बाढ़ की स्थिति पैदा हो गई है। हालांकि बिहार जल संसाधन विभाग द्वारा पूरे घटनाक्रम पर नजर रखा जा रहा है।

निचले इलाकों के लोगों को सतर्क रहने की सलाह

विभाग के अनुसार, भूस्खलन वाली जगह भारत-नेपाल सीमा से करीब 180 से 210 किलोमीटर दूर है। नेपाल में नदी का प्रवाह अचानक बढ़ने से आसपास की बस्तियां प्रभावित हुई हैं। वहां के अधिकारियों ने बूढ़ी गंडक के किनारे और निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। साथ ही, लोगों से सुरक्षित स्थानों पर जाने और नदी के तट से दूर रहने की अपील की गई है।

गंडक नदी का जलस्तर 27 सेंटीमीटर बढ़ा

नेपाल में भूस्खलन के कारण आया मटमैला पानी फिलहाल देवघाट क्षेत्र से गुजर रहा है। यह इलाका वाल्मीकिनगर बैराज से लगभग 80 किलोमीटर ऊपर स्थित है। इस बीच गंडक नदी के जलस्तर में करीब 27 सेंटीमीटर की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। जल संसाधन विभाग ने आशंका जताई है कि जलस्तर में अभी 50 से 100 सेंटीमीटर तक और इजाफा हो सकता है। हालांकि, नेपाल में फिलहाल बारिश नहीं होने से स्थिति को लेकर कुछ राहत है।

वाल्मीकिनगर बैराज में बढ़ सकता है पानी का बहाव

बाढ़ की यह लहर वाल्मीकिनगर बैराज तक पहुंचने की आशंका है। ऐसा होने पर बैराज से पानी के बहाव में करीब 25 हजार क्यूसेक की बढ़ोतरी हो सकती है। फिलहाल बैराज से लगभग 50 हजार क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है। जल संसाधन विभाग के अनुसार, बैराज पर पानी का बहाव मौजूदा 50 हजार क्यूसेक से बढ़कर 75 हजार क्यूसेक तक पहुंच सकता है।

बड़े असर की आशंका नहीं, निगरानी जारी

जल संसाधन विभाग ने रविवार शाम बताया कि नेपाल में आई फ्लैश फ्लड का बिहार के भारतीय क्षेत्र में बड़े पैमाने पर असर पड़ने की संभावना नहीं है। इसके बावजूद नदी के जलस्तर में संभावित बढ़ोतरी को देखते हुए संबंधित क्षेत्रों में सतर्कता बरती जा रही है। विभाग के अधिकारी हालात पर लगातार नजर रख रहे हैं, ताकि स्थिति में बदलाव होने पर समय रहते जरूरी कदम उठाए जा सकें।

ये भी पढ़ें- बिहार में बाढ़ पीड़ितों को आज मिलेंगे 7-7 हजार रुपये, CM सम्राट जारी करेंगे दूसरी किस्त