कुंदन कुमार, पटना। सीएम सम्राट चौधरी आज सोमवार (12 अक्टूबर) को बाढ़ प्रभावित परिवारों को राहत देने के लिए दूसरे चरण की सहायता राशि जारी करेंगे। मुख्यमंत्री बाढ़ प्रभावित 1,60,201 परिवारों के बैंक खातों में 7 हजार रुपये प्रति परिवार की दर से कुल 112.14 करोड़ रुपये की अनुग्रहिक राहत राशि डीबीटी (DBT) के माध्यम से उनके बैंक खातों में भेजेंगे।
बता दें कि इससे पहले सम्राट सरकार ने 15 सितंबर 2026 को पहले चरण के तहत 8,27,472 बाढ़ प्रभावित परिवारों के बैंक खातों में 7 हजार रुपये प्रति परिवार की दर से कुल 579.23 करोड़ रुपये की राहत राशि भेजी गई थी। अब दूसरे चरण में पात्र परिवारों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
50 लाख से अधिक लोग थे प्रभावित
उस दौरान कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सीएम सम्राट ने कहा था कि बाढ़ की इस चुनौतीपूर्ण स्थिति में राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता प्रभावित परिवारों को तत्काल राहत, सहायता और सुरक्षा उपलब्ध कराना है। सरकार पूरी संवेदनशीलता के साथ बाढ़ प्रभावित लोगों के साथ खड़ी है। राहत एवं बचाव कार्यों में किसी प्रकार की कमी नहीं रहने दी जाएगी।
उन्होंने कहा कि राज्य के 15 जिले, 88 प्रखण्ड, 575 ग्राम पंचायत एवं 2,642 गांव तथा 21 शहरों के 136 वार्ड के लगभग 50 लाख लोग बाढ़ से प्रभावित हुए हैं। करीब 55 हजार हेक्टेयर भूमि पर बाढ़ का प्रभाव पड़ा है जिसके कारण फसलों को नुकसान पहुँचा है। प्रभावित क्षेत्रों में हर स्तर पर राहत एवं बचाव कार्यों को तेजी से संचालित किया जा रहा है।
सरकार का उद्देश्य बाढ़ प्रभावित परिवारों को 7 हजार रपये का आर्थिक सहायता देकर उन्हें राहत पहुंचाना है। इस राशि से प्रभावित परिवारों को बाढ़ से हुए नुकसान के बाद अपनी जरूरतों को पूरा करने और सामान्य जीवन में लौटने में मदद मिलेगी।
ये भी पढ़ें- बिहार में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 27 ASP-DSP अधिकारियों का तबादला, जानें किसे कहां मिली तैनाती?

