सोहराब आलम, मोतिहारी। नवरात्रि के अवसर पर जगह-जगह बड़े बड़े पंडाल में मां जगत जननी की पूजा की जा रही है। आज रविवार (18, अक्टूबर) महाष्टमी के मौके पर जगह-जगह मंदिरों और पंडालों में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पूजा करने पहुंच रहे हैं। लेकिन सबसे बड़ी बात यह है कि पड़ोसी देश नेपाल में भी इस त्यौहार को बड़े धूम धाम से मनाया जा रहा है।
गढ़ीमाई मंदिर में दर्शन को पहुंच रहे हैं श्रद्धालु
नेपाल के प्रसिद्ध गढ़ीमाई मंदिर में भी बड़ी संख्या में भारत और नेपाल के श्रद्धालु पूजा-अर्चना के लिए पहुंच रहे हैं। भक्त मां के दरबार में माथा टेककर अपनी मनोकामनाओं की पूर्ति की कामना कर रहे हैं। गढ़ीमाई मंदिर को लेकर श्रद्धालुओं के बीच गहरी आस्था है। मान्यता है कि मां गढ़ीमाई के दरबार में सच्चे मन से मांगी गई मुराद पूरी होती है। यही वजह है कि नवरात्र के दौरान यहां दूर-दराज के इलाकों से बड़ी संख्या में भक्त पहुंचते हैं। महाष्टमी के मौके पर भी मंदिर परिसर में भक्तों की आवाजाही बनी हुई है।
हर 5 साल पर लगता है भव्य मेला
गढ़ीमाई मंदिर की एक खास परंपरा यह भी है कि यहां हर पांच साल पर भव्य मेले का आयोजन किया जाता है। स्थानीय मान्यताओं के अनुसार, मेले के दौरान मां के दरबार में विशेष धार्मिक अनुष्ठान होते हैं। ऐसी भी मान्यता है कि इस अवसर पर माता के समक्ष दीपक अपने आप प्रज्वलित होता है, जिसके बाद पूजा-अर्चना की शुरुआत की जाती है।
भारत और नेपाल के श्रद्धालुओं की साझा आस्था का केंद्र बना गढ़ीमाई मंदिर नवरात्र के दौरान भक्तिमय माहौल से सराबोर है। यहां पहुंच रहे श्रद्धालु मां का आशीर्वाद लेकर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना कर रहे हैं।
अष्टमी के दिन मां महागौरी की होती है पूजा
नवरात्र की महाष्टमी तिथि पर मां दुर्गा के आठवें स्वरूप मां महागौरी की पूजा की जाती है। इस दिन श्रद्धालु मंदिरों में पहुंचकर पूजा-अर्चना करेंगे और मां से सुख-समृद्धि की कामना करेंगे। महाष्टमी पर कई घरों और मंदिरों में विशेष पूजन, आरती और धार्मिक अनुष्ठान आयोजित किए जाएंगे। पटना के प्रमुख देवी मंदिरों में भी अष्टमी को लेकर तैयारियां की जा रही हैं।
ये भी पढ़ें- पटना के गांधी मैदान में दहन होगा 90 फीट का रावण, आधे घंटे तक होगी इको-फ्रेंडली आतिशबाजी

