० जाट जोशी की 9.33 एकड़ जमीन पर PPP मोड में होगा निर्माण, इलेक्ट्रिक बस चार्जिंग स्टेशन समेत मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं
सोनीपत। सोनीपत के बहुप्रतीक्षित नए बस अड्डे को लेकर एक बार फिर बड़ा फैसला हुआ है। अब बस अड्डे का निर्माण गांव जाट जोशी स्थित पहले से तय स्थल पर ही किया जाएगा। इस संबंध में विधायक निखिल मदान की चंडीगढ़ में अतिरिक्त मुख्य सचिव (परिवहन) राजशेखर वुंडरू और परिवहन निदेशक वीरेंद्र दहिया से हुई बैठक के बाद विभाग ने पुराने स्थल पर निर्माण की प्रक्रिया आगे बढ़ाने के निर्देश जारी कर दिए हैं।
दरअसल, इससे पहले परिवहन विभाग ने KMP एक्सप्रेसवे के पास नया बस अड्डा बनाने का प्रस्ताव दिया था और नई जमीन की तलाश भी शुरू कर दी गई थी। इसके लिए जिला प्रशासन ने एक समिति का गठन कर संभावित स्थलों का निरीक्षण कराया था। हालांकि, जांच में सामने आया कि KMP के पास न तो विभाग के पास पर्याप्त जमीन उपलब्ध है और न ही वह स्थान आवश्यक मानकों पर खरा उतरता है।
9.33 एकड़ भूमि पर बनाया जाएगा आधुनिक बस अड्डा
अब परिवहन विभाग की जाट जोशी स्थित 9.33 एकड़ भूमि पर ही आधुनिक बस अड्डा बनाया जाएगा। यहां शेष भूमि पर इलेक्ट्रिक बसों के लिए चार्जिंग स्टेशन और अन्य आधुनिक सुविधाएं भी विकसित की जाएंगी।
विधायक निखिल मदान ने बताया कि नया बस अड्डा पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप (PPP) मॉडल पर तैयार होगा। परियोजना की डीपीआर (डिटेल्ड प्रोजेक्ट रिपोर्ट) तैयार करने की जिम्मेदारी डीआईएमटीएस (DIMTS) को सौंपी गई है। डीपीआर तैयार होने के बाद टेंडर जारी कर निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा।
250 बसों के संचालन की होगी क्षमता
प्रस्तावित बस अड्डे में करीब 250 बसों के संचालन की क्षमता, यात्रियों के लिए आधुनिक प्रतीक्षालय, दोपहिया और चारपहिया वाहनों की पार्किंग, इलेक्ट्रिक बस चार्जिंग स्टेशन तथा व्यावसायिक गतिविधियों के लिए विशेष क्षेत्र विकसित किया जाएगा।
गौरतलब है कि जाट जोशी में बस अड्डा बनाने के लिए रोडवेज पहले ही नगर निगम से करीब 17 करोड़ रुपये में 9.33 एकड़ जमीन खरीद चुका है। अब विभाग के ताजा फैसले के बाद वर्षों से लंबित इस परियोजना के जल्द शुरू होने की उम्मीद बढ़ गई है।


