राकेश कथूरिया, कैथल। पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए जिला प्रशासन ने एक नई शुरुआत की है। उपायुक्त अपराजिता ने जिले में वस्त्र दान अभियान का शुभारंभ किया है। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य घरों में रखे बिना उपयोग के कपड़ों को सही जगह पहुंचना है, ताकि उनका इस्तेमाल जरूरतमंद कर सकें या फिर उन्हें दोबारा इस्तेमाल के लायक बनाया जा सके।

कपड़े दान करने के लिए बने 6 खास केंद्र

इस मुहिम के तहत शहर में 6 स्थानों पर विशेष बॉक्स यानी संग्रह पात्र रखे गए हैं। डीसी अपराजिता ने खुद इन बॉक्स में कपड़े डालकर अभियान की शुरुआत की। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे अपने पुराने या फटे हुए कपड़ों को इधर-उधर कचरे में न फेंकें। ऐसे कपड़ों को इन विशेष बॉक्स में डालें, ताकि गंदगी न फैले और पर्यावरण को नुकसान न पहुंचे ।

बेकार कपड़ों से होगा री-साइक्लिंग का काम

प्रशासन का कहना है कि जो कपड़े पहनने लायक होंगे, उन्हें जरूरतमंद लोगों को दिया जाएगा। वहीं, जो कपड़े बहुत ज्यादा खराब या कटे-फटे होंगे, उन्हें फैक्ट्रियों में भेजकर री-साइक्लिंग यानी दोबारा इस्तेमाल के लिए भेजा जाएगा। इससे कपड़ों से नया फाइबर तैयार होगा और कचरा कम होगा।

यहां कर सकते हैं कपड़े दान

उपायुक्त ने बताया कि कपड़े जमा करने के लिए शहर के 6 प्रमुख स्थानों को चुना गया है। इनमें लघु सचिवालय स्थित सरल केंद्र, नगर आयुक्त कार्यालय, नगर परिषद भवन, आईटीआई परिसर, ग्यारह रुद्री मंदिर और माता गेट शामिल हैं। नगर परिषद अध्यक्ष सुरभि गर्ग ने भी इस अभियान की सराहना करते हुए लोगों से बढ़-चढ़कर इसमें योगदान देने की अपील की है। भविष्य में जरूरत पड़ने पर ऐसे और भी केंद्र बनाए जाएंगे।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m