राजधानी दिल्ली में ऐतिहासिक स्मारकों पर घूमने आने वाले पर्यटकों के लिए एक नई सुविधा शुरू की गई है। फोटो और वीडियो रिकॉर्डिंग के दौरान मोबाइल की बैटरी खत्म होने की समस्या को देखते हुए भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (ASI)) ने यह कदम उठाया है। ASI दिल्ली सर्कल ने राजधानी के टिकट वाले सभी 11 प्रमुख स्मारकों में मोबाइल चार्जिंग सुविधा शुरू कर दी है। इनमें लाल किला, कुतुब मीनार, हुमायूं का मकबरा और पुराना किला जैसे लोकप्रिय पर्यटन स्थल शामिल हैं। अधिकारियों के अनुसार, अलग-अलग स्मारकों पर कुल करीब 30 मोबाइल चार्जिंग पॉइंट स्थापित किए गए हैं। इस सुविधा का उद्देश्य पर्यटकों को बिना किसी बाधा के अपने अनुभव और यादों को रिकॉर्ड करने में मदद करना है।

भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण(ASI)) की ओर से शुरू की गई इस व्यवस्था के तहत चार्जिंग स्टेशन मुख्य रूप से स्मारकों के एंट्री गेट के पास लगाए गए हैं, ताकि आगंतुकों को आसानी से सुविधा मिल सके। अधिकारियों के अनुसार, एक चार्जिंग स्टेशन पर एक समय में लगभग 9 लोग अपने मोबाइल फोन चार्ज कर सकते हैं। इससे पर्यटकों को लंबी कतारों और प्रतीक्षा की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है। सुविधा के विस्तार के तहत लाल किला में सबसे अधिक 5 चार्जिंग पॉइंट लगाए गए हैं, जो संग्रहालय क्षेत्रों के पास तथा एंट्री और एग्जिट गेट के आसपास स्थित हैं। इसके अलावा कुतुब मीनार, पुराना किला और हुमायूं का मकबरा में 3-3 चार्जिंग पॉइंट स्थापित किए गए हैं।

कई अन्य स्मारकों को भी जोड़ा गया

नई व्यवस्था के तहत फिरोजशाह कोटला, सफदरजंग मकबरा और हौज खास वन में 2-2 चार्जिंग पॉइंट लगाए गए हैं। वहीं हौज खास चिल्ड्रेन म्यूजियम, INA सर्कल ऑफिस और तिलक मार्ग धरोहर भवन में एक-एक चार्जिंग स्टेशन स्थापित किया गया है। इसके अलावा, खान-ए-खाना मकबरा, सुल्तानगढ़ी मकबरा और तुगलकाबाद किला सहित कई अन्य ऐतिहासिक स्थलों पर भी चार्जिंग पॉइंट लगाने की प्रक्रिया जारी है। विभाग के अनुसार, इन सभी चार्जिंग स्टेशनों पर अलग-अलग प्रकार के चार्जर सॉकेट उपलब्ध कराए गए हैं, ताकि विभिन्न ब्रांड और मॉडल के मोबाइल फोन आसानी से चार्ज किए जा सकें। इस पहल का उद्देश्य पर्यटकों को बिना किसी असुविधा के स्मारकों का भ्रमण अनुभव बेहतर बनाना है।

ASI की ओर से सभी स्मारकों में पर्याप्त मात्रा में ठंडा पेयजल उपलब्ध कराने के निर्देश जारी किए गए हैं। निर्देशों के अनुसार, स्मारकों में लगाए गए पेयजल स्टेशनों पर नियमित रूप से ठंडा पानी उपलब्ध रहेगा, ताकि गर्मी के मौसम में आने वाले पर्यटकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। इसके साथ ही कर्मचारियों को समय-समय पर पेयजल व्यवस्था का निरीक्षण करने के लिए कहा गया है, ताकि पानी की कमी या आपूर्ति में किसी तरह की बाधा न आए।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m