Jaipur Mumbai New Flight SpiceJet: गुलाबी नगरी जयपुर से मुंबई जाने वालों के लिए एक बड़ी और राहत भरी खबर सामने आई है। दरअसल, गुरुवार रात से दोनों शहरों के बीच एक नई फ्लाइट सेवा का आगाज हो गया है। इस नई उड़ान के शुरू होने के साथ ही जयपुर एयरपोर्ट से मुंबई के लिए अब रोजाना उड़ानों की संख्या बढ़कर 11 हो गई है।

अब रात में भी भर सकेंगे उड़ान

सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, इस नई सेवा की कमान दिग्गज एयरलाइंस कंपनी स्पाइसजेट (SpiceJet) ने संभाली है। कंपनी ने अपनी फ्लाइट संख्या SG-169 और SG-170 को इस रूट पर उतारा है। गौरतलब है कि यह सर्विस विशेष रूप से उन लोगों के लिए डिजाइन की गई है जो लेट नाइट सफर करना पसंद करते हैं।

क्या है नया शेड्यूल?

एयरपोर्ट अथॉरिटी से जुड़े सूत्रों ने बताया कि स्पाइसजेट की यह फ्लाइट अब नियमित रूप से जयपुर और मुंबई के बीच फेरे लगाएगी। यह विमान मुंबई से उड़ान भरकर रात 10:35 बजे जयपुर पहुंच रहा है। वापसी में यही विमान रात 11:25 बजे जयपुर से मुंबई के लिए रवाना हो रहा है। अब यात्रियों के पास सुबह से लेकर देर रात तक फ्लाइट चुनने के 11 विकल्प मौजूद हैं।

बिजनेस क्लास और व्यापारियों को बड़ा फायदा

बता दें कि जयपुर एयरपोर्ट पर देर रात यात्रियों की चहल-पहल अब और बढ़ने वाली है। दरअसल, जो व्यापारी या कामकाजी लोग दिन भर की मीटिंग निपटाकर रात को घर लौटना चाहते थे, उनके लिए यह लेट नाइट स्लॉट किसी वरदान से कम नहीं है। जयपुर एयरपोर्ट प्रशासन ने भी इस नई कनेक्टिविटी को लेकर अपनी तैयारियां पूरी कर ली हैं।

पढ़ें ये खबरें