प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और बेल्जियम के प्रधानमंत्री बार्ट डी वेवर की मौजूदगी में गुरुवार को नई दिल्ली स्थित हैदराबाद हाउस में भारत और बेल्जियम के बीच कई महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापनों (MoU) का आदान-प्रदान हुआ। इन समझौतों को दोनों देशों के बीच रक्षा सहयोग, स्वच्छ ऊर्जा, व्यापार और रणनीतिक साझेदारी को नई दिशा देने वाला महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
बैठक के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने बेल्जियम के प्रधानमंत्री बार्ट डी वेवर का भारत में गर्मजोशी से स्वागत किया और दोनों देशों के बीच मजबूत होते द्विपक्षीय संबंधों पर विस्तार से चर्चा की।
बार्ट डी वेवर का भारत से पुराना जुड़ाव
पीएम मोदी ने कहा कि यह प्रधानमंत्री बार्ट डी वेवर की भारत की पहली यात्रा है, लेकिन भारत के साथ उनका जुड़ाव काफी पुराना रहा है। एंटवर्प के लंबे समय तक मेयर रहे डी वेवर ने वहां बसे बड़े भारतीय समुदाय के साथ मजबूत संबंध बनाए रखे हैं।
प्रधानमंत्री मोदी ने भारत-बेल्जियम के हीरा कारोबार को बढ़ावा देने में भी उनके योगदान का उल्लेख किया। एंटवर्प दुनिया के प्रमुख डायमंड ट्रेडिंग हब में शामिल है और भारत-बेल्जियम के व्यापारिक संबंधों में इसकी महत्वपूर्ण भूमिका रही है।
प्रथम विश्व युद्ध से जुड़े हैं दोनों देशों के ऐतिहासिक रिश्ते
प्रधानमंत्री मोदी ने भारत और बेल्जियम के संबंधों की ऐतिहासिक गहराई पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि प्रथम विश्व युद्ध के दौरान बेल्जियम की धरती पर हजारों भारतीय सैनिकों ने साहस और बलिदान की मिसाल पेश की थी। उनका योगदान आज भी दोनों देशों की साझा ऐतिहासिक स्मृति का महत्वपूर्ण हिस्सा है।
रक्षा, स्वच्छ ऊर्जा और वैश्विक मुद्दों पर बढ़ेगा सहयोग
पीएम मोदी ने कहा कि लोकतांत्रिक मूल्य, बाजार आधारित अर्थव्यवस्था और मजबूत जन-से-जन संबंध भारत और बेल्जियम को स्वाभाविक साझेदार बनाते हैं। उन्होंने बताया कि पिछले एक दशक में दोनों देशों की साझेदारी ने उल्लेखनीय प्रगति की है।
वर्तमान वैश्विक परिस्थितियों के बीच भारत और बेल्जियम ने रक्षा, स्वच्छ ऊर्जा, आर्थिक सहयोग और रणनीतिक क्षेत्रों में साझेदारी को और मजबूत करने की प्रतिबद्धता दोहराई। दोनों नेताओं की यह बैठक भविष्य में भारत-बेल्जियम संबंधों को नई ऊंचाई देने की दिशा में अहम मानी जा रही है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m



