UP BJP New State Executive, लखनऊ. 2027 में उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव होने हैं. जाहिर है प्रदेश सरकार के पास बमुश्किल सालभर का समय है. चुनाव के मद्देनजर सत्तारूढ़ दल भाजपा ने संगठनात्मक बदलाव से अपनी रणनीति की शुरुआत कर रही है. विधानसभा चुनाव को साल भर से भी कम समय बचा है. लिहाजा बीजेपी जल्द ही अपनी नई टीम खड़ी करने वाली है. इसी बीच उत्तर प्रदेश भाजपा संगठन में अब बड़े बदलाव की तैयारी लगभग पूरी हो चुकी है. नई प्रदेश कार्यकारिणी को लेकर बुधवार को दिल्ली में हुई अहम बैठक में केंद्रीय और प्रदेश नेतृत्व के बीच सहमति बन गई है.
मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो नई टीम को अंतिम रूप दे दिया गया है और अब कभी भी इसकी औपचारिक घोषणा हो सकती है. सियासी गलियारों में चर्चा है कि इस बार संगठन में कई बड़े बदलाव देखने को मिल सकते हैं. विशेषकर पर कुछ महामंत्रियों और क्षेत्रीय अध्यक्षों के पदों पर नए चेहरों को मौका मिल सकता है. इसके अलावा क्षेत्रीय अध्यक्षों के नामों पर भी गहन मंथन किया गया है. कुछ नामों पर सहमति भी बन चुकी है.
इसे भी पढ़ें : सत्ताइस से संग्राम से पहले UP में RSS की एंट्री! लखनऊ पहुंचे भागवत, योगी से मुलाकात की चर्चा, चलगे बैठकों का दौर
बता दें कि संगठन के साथ ही प्रदेश में विभिन्न पदों पर नियुक्ति को लेकर भी चर्चा जोरशोर से चल रही है. मंत्रिमंडल विस्तार के बाद अब पार्टी संगठन विस्तार पर जोर दे रही है. निगम, आयोग में भी समायोजन पर चर्चा चल रही है. जिसमें करीब 25 BJP कार्यकर्ताओं के नाम पर चर्चा हुई है. जातीय समीकरण की बात करें तो पश्चिम में गुर्जर और वैश्य पर ज्यादा फोकस किया जा रहा है. अवध क्षेत्र में ब्राह्मण चेहरे पर बैठक में चर्चा हुई है. ब्रज में शाक्य, लोध को मिल अवसर देने पर चर्चा की गई है. वाराणसी-गोरखपुर क्षेत्र में भी नाम लगभग तय हैं.
गौरतलब है कि प्रदेश के साथ-साथ राष्ट्रीय कार्यकारिणी में यूपी की सहभागिता पर ध्यान दिया जा रहा है. आगामी बीजेपी राष्ट्रीय कार्यकारिणी के लिए उत्तर प्रदेश से दावेदारों और नेताओं के नामों को अंतिम रूप दिया जा रहा है. राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की नई केंद्रीय टीम में पूर्वांचल से हरीश द्विवेदी और पश्चिम से मोहित बेनीवाल सहित करीब 9 नेताओं को राष्ट्रीय टीम में शामिल करने की अटकलें लगाई जा रही है.

