लखनऊ. उत्तर प्रदेश को जल्द ही नया विधानसभा भवन (UP New Assembly Building) मिलने वाला है. नई विधानसभा बनने का रास्ता साफ हो गया है. सहारा शहर (Sahara City) की जमीन पर नए भवन का निर्माण किया जाएगा. लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) ने इसके लिए टेंडर जारी कर दिया है. विधानभवन कॉम्प्लेक्स की डिजाइन का भी जल्द चयन होगा. डिजाइन,प्लानिंग के लिए कंसल्टेंट और आर्किटेक्ट का भी चयन होगा. कंपनियां आज से 21 जून तक टेंडर भर सकेंगी.
जानकारी के मुताबिक पहले आर्किटेक्ट और कंसल्टेंट का चयन किया जाएगा. जिसके बाद इस प्रोजेक्ट की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (DPR) तैयार की जाएगी. इसी के आधार पर नई विधानसभा भवन निर्माण की लागत और अवधि तय की जाएगी. एलडीए की ओर से इसकी पुष्टि की गई है. बताया गया कि टेंडर जारी होने के बाद अब प्लानिंग के काम में तेजी आएगी.
इसे भी पढ़ें : 31 हजार से ज्यादा वक्फ संपत्तियों का पंजीयन रद्द, खसरा नंबर का वक्फ बोर्ड में दर्ज नंबर से नहीं हुआ मिलान
बताया जा रहा है कि सहारा सिटी की जमीन पर सिर्फ एक सरकारी इमारत नहीं खड़ी होगी, बल्कि यहां पूरा प्रशासनिक अमले का ठिकाना बनाया जाएगा. इस प्रोजेक्ट को सरकारी दस्तावेजों और टेंडर में ‘विधानसभा’ की जगह ‘विधानभवन कॉम्प्लेक्स’ का नाम दिया गया है. मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो 245 एकड़ के इस विशाल भूखंड पर नई विधानसभा के साथ-साथ एक बेहद आधुनिक सचिवालय, नया मुख्यमंत्री आवास और कई अन्य महत्वपूर्ण सरकारी विभागों के दफ्तर भी विकसित किए जाएंगे.

