Technology Desk – WhatsApp Web Call Feature : अब WhatsApp इस्तेमाल करने के लिए हर बार डेस्कटॉप ऐप डाउनलोड करना जरूरी नहीं होगा। Meta ने नया अपडेट जारी किया है, जिसके बाद यूजर सीधे अपने वेब ब्राउजर से ऑडियो और वीडियो कॉल कर सकेंगे। यानी Chrome, Edge या दूसरे सपोर्टेड ब्राउजर में WhatsApp Web खोलकर भी कॉल की जा सकेगी।

एक-से-एक और ग्रुप कॉल दोनों होंगे आसान
कंपनी के मुताबिक, नए फीचर के जरिए यूजर किसी एक व्यक्ति के साथ-साथ ग्रुप कॉल भी कर सकेंगे। कॉल के दौरान स्क्रीन शेयर करने, इमोजी रिएक्शन भेजने और कॉल हिस्ट्री देखने जैसी सुविधाएं भी मिलेंगी। इसके लिए कॉल्स का अलग टैब भी जोड़ा गया है, जिससे जरूरी कॉन्टैक्ट तक पहुंचना आसान होगा।
चलती कॉल दूसरे डिवाइस पर कर सकेंगे ट्रांसफर
WhatsApp ने कॉल ट्रांसफर फीचर भी शुरू किया है। अगर आप मोबाइल पर ग्रुप कॉल में हैं और बाद में लैपटॉप या कंप्यूटर पर बात जारी रखना चाहते हैं, तो कॉल काटने की जरूरत नहीं होगी। एक क्लिक में कॉल दूसरे डिवाइस पर ट्रांसफर की जा सकेगी।
ग्रुप कॉल होगी पहले से ज्यादा सुरक्षित
ग्रुप कॉल के लिए नया Waiting Room फीचर भी जोड़ा गया है। यदि कॉल बनाने वाला होस्ट “Approval Required” विकल्प चालू करता है, तो लिंक से जुड़ने वाले लोग पहले वेटिंग रूम में रहेंगे। होस्ट की मंजूरी मिलने के बाद ही वे कॉल में शामिल हो पाएंगे। इससे अनजान लोगों की एंट्री पर रोक लगेगी।
वीडियो और आवाज की क्वालिटी भी बेहतर
Meta का कहना है कि कॉलिंग अनुभव को बेहतर बनाने के लिए Quick HD फीचर जोड़ा गया है। इससे कॉल शुरू होते ही बेहतर वीडियो क्वालिटी मिलेगी। वहीं Noise Suppression फीचर आसपास के शोर को कम करेगा, जिससे भीड़भाड़ वाली जगह पर भी आवाज साफ सुनाई देगी।
किन यूजर्स को होगा सबसे ज्यादा फायदा?
यह अपडेट खासकर उन लोगों के लिए उपयोगी होगा जो ऑफिस के कंप्यूटर या साझा लैपटॉप का इस्तेमाल करते हैं, जहां ऐप इंस्टॉल करने की अनुमति नहीं होती। ऐसे यूजर अब केवल ब्राउजर खोलकर WhatsApp Web से ही कॉल कर सकेंगे।
धीरे-धीरे सभी यूजर्स तक पहुंचेगा अपडेट
Meta ने बताया कि ये सभी नए फीचर चरणबद्ध तरीके से जारी किए जा रहे हैं। अगर आपके WhatsApp Web या ऐप में अभी यह सुविधा नहीं दिख रही है, तो आने वाले दिनों में अपडेट के जरिए मिल जाएगी।


