हिसार में वेंटिलेटर नहीं मिलने के कारण एक नवजात बच्चे की मौत हो गई, जिस पर इनेलो नेता करण चौटाला ने प्रदेश सरकार को घेरा है। उन्होंने सरकार की बदहाल स्वास्थ्य व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए इस पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की है।

हिसार। जिले में वेंटिलेटर नहीं मिलने के कारण नवजात की मौत पर इनेलो नेता करण चौटाला ने प्रदेश सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि जन्म के महज़ एक घंटे बाद ही एक मासूम को अस्पतालों के चक्कर काटने पड़े और आखिरकार वेंटिलेटर के अभाव में उसकी मौत हो गई। यह घटना हरियाणा की बदहाल स्वास्थ्य व्यवस्था और सरकार के खोखले दावों की पोल खोलती है।

करण चौटाला ने कहा कि सरकार विकास और बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं के बड़े-बड़े दावे करती है, लेकिन जमीनी हकीकत यह है कि एक नवजात को जीवन बचाने वाली बुनियादी सुविधा तक नसीब नहीं हो सकी। अगर प्रदेश के सरकारी अस्पतालों में वेंटिलेटर और बेड जैसी मूलभूत सुविधाएं भी उपलब्ध नहीं हैं, तो सरकार को जनता को जवाब देना चाहिए।

उन्होंने कहा कि यह केवल एक बच्चे की मौत नहीं, बल्कि सरकारी लापरवाही का दुखद परिणाम है। इस मामले की उच्चस्तरीय जांच कर दोषी अधिकारियों की जवाबदेही तय की जानी चाहिए ताकि भविष्य में किसी परिवार को ऐसी त्रासदी का सामना न करना पड़े।

इनेलो नेता ने कहा कि हरियाणा की जनता बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं की हकदार है और सरकार का पहला दायित्व लोगों का जीवन बचाना है, न कि केवल विज्ञापनों के जरिए विकास का भ्रम पैदा करना।