रांची। राजधानी रांची में इंसानियत को झकझोर देने वाला मामला सामने आया है। रेलवे स्टेशन के पास स्थित रेलवे ऑफिसर्स कॉलोनी में गुरुवार सुबह कपड़े में लिपटा नवजात शिशु बरामद हुआ। कुछ दिन के इस बच्चे को कोई सुनसान जगह पर छोड़कर चला गया था। गनीमत रही कि समय रहते एक युवक की नजर बच्चे पर पड़ गई और उसकी जान बच गई।
मॉर्निंग वॉक पर निकले युवक ने सुनी रोने की आवाज
गुरुवार सुबह एक युवक मॉर्निंग वॉक के लिए कॉलोनी से गुजर रहा था। इसी दौरान उसे बच्चे के रोने की आवाज सुनाई दी। आवाज की दिशा में जाने पर उसने पेड़ के पास कपड़े में लिपटे नवजात को देखा। उसने तुरंत आसपास के लोगों को सूचना दी, जिसके बाद मौके पर भीड़ जुट गई।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, जिस स्थान पर बच्चे को छोड़ा गया था, वहां अक्सर आवारा कुत्तों का आना-जाना रहता है। ऐसे में कुछ देर और हो जाती तो बच्चे की जान पर खतरा हो सकता था।
पुलिस और आरपीएफ ने अस्पताल पहुंचाया
सूचना मिलते ही पुलिस और आरपीएफ की टीम मौके पर पहुंची। नवजात को सुरक्षित कब्जे में लेकर तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया। फिलहाल डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज चल रहा है।
चुटिया थाना प्रभारी पूनम कुजूर ने बताया कि सीडब्ल्यूसी की ओर से थाने को नवजात के मिलने की सूचना दी गई थी। बच्चे को अस्पताल में भर्ती कराया गया है और मामले की जांच की जा रही है।
CCTV खंगाल रही पुलिस, अस्पतालों से भी जुटा रही जानकारी
नवजात को कॉलोनी में छोड़कर जाने वाले व्यक्ति की पहचान के लिए पुलिस ने जांच तेज कर दी है। रेलवे ऑफिसर्स कॉलोनी के प्रवेश और निकास मार्गों पर लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
इसके साथ ही आसपास के अस्पतालों और नर्सिंग होम से हाल के दिनों में हुए प्रसव की जानकारी भी जुटाई जा रही है। पुलिस स्थानीय लोगों से पूछताछ कर यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आखिर नवजात को वहां कौन और कब छोड़कर गया।



