निशांत चौधरी, सिवनी। मध्य प्रदेश के सिवनी जिले से एक दर्दनाक और सनसनीखेज घटना ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया है। सिवनी जिले के घंसौर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम खजरी में नवविवाहिता बहू को उसके जेठ ने कुल्हाड़ी से क्रूर हमला कर मौत के घाट उतार दिया। मृतका की पहचान सरिता मरकाम (नवविवाहिता) के रूप में हुई है। उसका विवाह मात्र 10 मई को हुआ था। शादी के सिर्फ 13 दिन बाद शुक्रवार की सुबह यह दिल दहला देने वाली घटना घटी।

घटना की डरावनी कहानी  

बताया जा रहा है कि मानसिक रूप से बीमार जेठ ने अचानक सरिता पर कुल्हाड़ी से हमला बोल दिया। हमले की तीव्रता इतनी ज्यादा थी कि सरिता मौके पर ही अपनी जान गंवा बैठी। पूरे गांव में कोहराम मच गया और परिजनों में शोक की लहर दौड़ गई। मृतका के भाई ने पुलिस को दी सूचना में बताया कि दूल्हे के बड़े भाई (जेठ) ने कुल्हाड़ी मारकर सरिता की हत्या कर दी।

पुलिस कार्रवाई 

घटना की सूचना मिलते ही घंसौर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। घंसौर थाना प्रभारी लक्ष्मण सिंह झारिया ने बताया कि आरोपी मानसिक रूप से अस्वस्थ बताया जा रहा है, लेकिन पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच कर रही है। आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़  

सरिता के परिवार और ससुराल वाले अभी भी सदमे में हैं। शादी की खुशियां मनाते-मनाते अचानक यह त्रासदी परिवार पर टूट पड़ी। नवविवाहिता की मौत ने पूरे इलाके में गहरी चिंता और आक्रोश पैदा कर दिया है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m