कुंदन कुमार/सोहराब आलम। पटना के चित्रगुप्त नगर थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक युवक के पास से करीब 20 लाख नगद कैश बरामद किया है। इतना सारा कैश बरामद होने के साथ ही युवक को हिरासत में लिया गया है, जिससे पटना पुलिस फिलहाल पूछताछ कर रही है। इसके साथ ही बरामद रकम की जानकारी इनकम टैक्स विभाग को भी दे दी गई है।
NIA को देखते ही भागने लगा युवक
एनआईए की टीम जुडियो मॉल के पास स्थित कुसुम इनफिनिटी अपार्टमेंट के एक फ्लैट में कार्रवाई के लिए पहुंची थी। इसी दौरान टीम दूसरे फ्लैट में भी पहुंच गई। वहां मौजूद एक युवक की नजर जैसे ही टीम पर पड़ी, वह घबरा गया और बाहर निकलकर भागने लगा। अपार्टमेंट के नीचे एसटीएफ और चित्रगुप्त नगर थाने की पुलिस पहले से मौजूद थी। युवक ने स्कूटी से निकलने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने उसे पकड़ लिया। इसके बाद उसकी स्कूटी की तलाशी ली गई।
स्कूटी की डिक्की में मिला कैश से भरा झोला
तलाशी के दौरान स्कूटी की डिक्की से एक झोला मिला। इसमें करीब 20 लाख रुपये नकद रखे हुए थे। पुलिस ने पूरी रकम जब्त कर ली है। अब जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि युवक के पास इतनी बड़ी रकम कहां से आई और इसे किस काम के लिए रखा गया था। मामले की सूचना इनकम टैक्स विभाग को भी दी गई है। आयकर विभाग अब रकम के स्रोत और इससे जुड़े वित्तीय लेनदेन की जांच कर सकता है।
मोतिहारी चकिया का मूल निवासी है युवक
गिरफ्तार युवक की पहचान मोतिहारी चकिया थाना के वार्ड नंबर 7 के अनमोल कुमार मोदी के रूप में हुई है। अनमोल कुमार मोदी पेशे से छड़ का बड़ा कारोबारी है और पूरा परिवार पटना के चित्रगुप्त नगर में ही रहता है। अनोमल की गिरफ्तारी के बाद चकिया स्थित उसके आवास पर सन्नाटा पसरा हुआ है। घर में ताला लगा हुआ है। वहीं, स्थानीय लोगों की जानकारी के अनुसार महीने में एकाध बार ही उसका चकिया आना जाना होता है, जिसके कारण घर पर परिवार की कोई भी व्यक्ति मौजूद नहीं है।
NIA ने एक अन्य युवक को भी पकड़ा
इसी कार्रवाई के दौरान एनआईए की टीम ने एक अन्य युवक को भी हिरासत में लिया है। सूत्रों के मुताबिक, कुसुम इनफिनिटी के फ्लैट नंबर 609 से आतंकी गतिविधियों से कथित संबंध रखने वाले एक मोस्टवांटेड युवक को पकड़े जाने की जानकारी है।हालांकि, इस युवक को लेकर एनआईए की ओर से अभी कोई विस्तृत आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। फिलहाल जांच एजेंसियां पूरे मामले की पड़ताल में जुटी हैं।
ये भी पढ़ें- हैदराबाद में मालिक को 20 लाख का चूना लगाकर नालंदा में छिपा था नौकर, आरोपी और ज्वेलर्स गिरफ्तार



