हर्षराज गुप्ता, खरगोन। मध्यप्रदेश के खरगोन जिले के ग्यासपुरा में पानी से भरे कुएं में गिरी नीलगाय का ग्रामीणों ने सुरक्षित रेस्क्यू किया। वन विभाग की टीम के पहुंचने से पहले गांव के युवाओं ने जान पर खेलकर सूझबूझ दिखाई। सोशल मीडिया पर रेस्क्यू का वीडियो जमकर वायरल हो रहा है।
सुरक्षित रेस्क्यू कर बाहर निकाला
दरअसल ग्राम ग्यासपुरा में एक नीलगाय भटक कर पानी से भरे कुएं में गिर गई, जिससे गांव में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और वन विभाग को खबर दी गई। वन विभाग की टीम पहुंचती उससे पहले ही गांव के युवाओं ने साहस और सूझबूझ दिखाते हुए रस्सियों की मदद से नीलगाय का सुरक्षित रेस्क्यू कर बाहर निकाल लिया।
जंगल में छोड़ दिया
रेस्क्यू का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। बाद में वन विभाग की टीम ने नीलगाय को अपने कब्जे में लेकर सुरक्षित जंगल में छोड़ दिया। ग्रामीणों के इस सराहनीय कार्य की जमकर प्रशंसा हो रही है।

