विनोद सैनी ,हिसार। चार्टर्ड अकाउंटेंट्स की संस्था एनआईआरसी हिसार ब्रांच द्वारा योग एवं स्वास्थ्य जागरूकता पर आधारित विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। सेक्टर 16-17 स्थित आईसीएआई भवन में आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में सदस्यों और प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया तथा विभिन्न योगासन और प्राणायाम का अभ्यास किया।

कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को ताड़ासन, वृक्षासन, भुजंगासन, तितली आसन और श्वासन सहित कई महत्वपूर्ण योग क्रियाओं का अभ्यास कराया गया। साथ ही योग के शारीरिक और मानसिक लाभों के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी गई।

इस अवसर पर एनआईआरसी हिसार ब्रांच के चेयरमैन सीए अजय गोयल ने कहा कि योग केवल एक व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ और संतुलित जीवन जीने की प्रभावी पद्धति है। उन्होंने सभी से नियमित रूप से योग करने और इसे अपनी दिनचर्या का अभिन्न हिस्सा बनाने का आह्वान किया।

सीए अजय गोयल ने कहा कि योग तनाव को कम करने, मानसिक एकाग्रता बढ़ाने, शरीर को लचीला बनाने और रोग प्रतिरोधक क्षमता को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। नियमित योगाभ्यास व्यक्ति को शारीरिक और मानसिक रूप से ऊर्जावान बनाए रखता है।

कार्यक्रम में वाइस चेयरमैन सीए विशेष भारद्वाज, सचिव सीए राजेश सिहाग, कोषाध्यक्ष सीए सुनील गोदारा, एनआईसीएएसए चेयरमैन सीए प्रतीक आर्य, पूर्व चेयरमैन सीए अमन बंसल, कार्यकारी सदस्य सीए मुकुल मित्तल तथा एक्स ऑफिशियो सदस्य सीए अजीत सिंह चंदेल सहित अनेक पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे।योग पर आधारित इस आयोजन को प्रतिभागियों ने सराहा और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया।