कुंदन कुमार, पटना। जदयू नेता और बिहार सरकार में स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार अपने दो दिवसीय दौरे पर कल रविवार की शाम वाराणसी पहुंचे हैं। आज सोमवार की सुबह वह बाबा काशी विश्वनाथ मंदिर और काल भैरव मंदिर पहुंचे और पूजा-अर्चना की। इस दौरान उन्होंने बिहार, उत्तर प्रदेश समेत देशवासियों के सुख, शांति, स्वास्थ्य और समृद्धि की कामना की। बता दें कि निशांत कुमार दो दिनों के आध्यात्मिक वाराणसी दौरे पर हैं। हालांकि, जिस तरह वाराणासी पहुंचते ही उन्होंने सर्किट हाउस में पार्टी के पदाधिकारियों के साथ बैठक की, उसने निशांत के इस दौरे को राजनीतिक दौरा भी साबित कर दिया।
25 अक्टूबर को वाराणसी में जनसभा!
गौरतलब है कि यूपी में अगले साल विधानसभा का चुनाव होना है। यूपी में चुनाव लड़ने को लेकर जदयू भी अपनी कमर कसने को तैयार है। निशांत का यह वाराणसी दौरा इसका एक बड़ा संकेत है। मिली जानकारी के अनुसार जदयू 25 अक्टूबर को वाराणसी में एक जनसभा भी करने जा रही है। माना जा रहा है कि इस जनसभा में ही जदयू यूपी चुनाव में लड़ने को लेकर अपना बिगुल फूंकेगी। सूत्रों के मुताबिक सर्किट हाउस में बैठक के दौरान निशांत कुमार ने पार्टी नेताओं को हर बूथ को मजबूत करने का निर्देश दिया है।
वाराणसी में कुल देवता से लिया आशीर्वाद
वाराणसी पहुंचे निशांत कुमार ने पत्रकारों के साथ बातचीत के दौरान कहा कि, मेरा सौभाग्य है कि मैं वाराणसी की पावन धरती पर आया। गुरुवादी बाबा हमारे कुल के देवता हैं, तो उनसे मेरा आशीर्वाद लिया। हम लोग NDA यूनाइटेड होकर जीते हैं, हम सब साथ हैं। यहां पर फिर से भारी बहुमत से NDA की सरकार है। विकास का क्रम सीएम योगी आदित्यनाथ का है, तो फिर से उनकी सरकार बने और विकास का क्रम जारी रहे।
60 सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी
निशांत ने कहा कि, जदयू एनडीए परिवार का एक अहम हिस्सा है और इस बार होने वाले यूपी विधानसभा 2026 चुनाव में हमारी पार्टी पूरे दमखम के साथ उतरने की तैयारी में है। सूत्रों के मुताबिक जदयू यूपी चुनाव 2027 में पूर्वांचल की लगभग 60 सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी कर रही है। हालांकि, यह यूपी में भाजपा के साथ गठबंधन नहीं होने की स्थिति में होगा। यदि यूपी में भी भाजपा-जदयू का गठबंधन कायम रहता है, तो यह बैठक और दोनों पार्टियों के बीच सहमति पर सीटों के बंटवारे पर फैसला होगा।
ये भी पढ़ें- Bihar Flood: नेपाल की बारिश से बिहार में फिर बाढ़ का खतरा, कई गांव जलमग्न, VTR में भी घुसा पानी


