कुंदन कुमार, पटना। पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार आज 3 मई 2026 से अपनी ‘सद्भाव यात्रा’ के तहत बिहार दौरे पर निकल रहे हैं। निशांत अपने आवास 7 सर्कुलर रोड से यात्रा के लिए निकले। यात्रा के शुरू होने से पहले निशांत ने मीडिया से बातचीत के दौरान कहा कि, आज से मेरी यात्रा की शुरुआत हो रही है। यह मेरी पहली राजनीतिक यात्रा है। महात्मा गांधी ने भी अपनी सत्याग्रह की शुरुआत चंपारण की धरती से ही शुरू की थी। पिताजी ने भी यहीं से अपनी सारी यात्राएं शुरू की। मैं भी वहीं से अपनी यात्रा की शुरुआत कर रहा हूं।
यात्रा पर निकलने से पहले लिया पिता का आशीर्वाद
निशांत कुमार ने कहा कि, ‘सद्भाव यात्रा’ के दौरान मैं पार्टी के छोटे-छोटे वर्कर के साथ मैं संवाद करूंगा। उन्होंने कहा कि, मेरी कोशिश रहेगी कि मैं जानता और पार्टी के कार्यकर्ताओं की सेवा करूं। जो पिताजी ने किया है, उसे जन-जन तक पहुंचाऊं।मैं जनता की समस्या का समाधान निकालने की कोशिश करूंगा। निशांत ने बताया कि यात्रा शुरू करने से पहले पिताजी से मैंने आशीर्वाद लिया है। उन्होंने मुझे आशीर्वाद दिया।
जदयू नेताओं में उत्साह का माहौल
सद्भाव यात्रा के दौरान वे सभी कार्यकर्ताओं से मिलेंगे और उनसे वन-टू-वन बातचीत करेंगे। साथ ही वह आम लोगों के साथ भी संवाद करेंगे। निशांत के इस यात्रा को लेकर जदयू नेताओं में काफी उत्साह का माहौल है। JDU नेता श्रवण कुमार ने निशांत कुमार की सद्भाव यात्रा पर कहा कि, यात्रा शानदार होगी। निशांत कुमार जमीनी स्तर की सच्चाई को परखेंगे, समझेंगे और अपने महत्वपूर्ण सुझावों से सरकार को ताकत देंगे। निशांत कुमार पहले बिहार को समझना चाहते हैं और लोगों से संवाद करना चाहते हैं।
सद्भाव यात्रा के दो दिनों का कार्यक्रम
सद्भाव यात्रा के पहले दिन यानी की आज 3 मई 2026 को निशांत कुमार राज्य के विभिन्न इलाकों के दौरे पर रहेंगे। सुबह 11 बजे पटना से निशांत के यात्रा की शुरुआत होगी, जो वैशाली-मुजफ्फरपुर होते हुए बेतिया, लौरिया और बगहा जैसे इलाकों में पहुंचेगी। इस दौरान जगह-जगह निशांत का पार्टी कार्यकर्ताओं द्वारा स्वागत किया जाएगा। शाम 4 बजे के करीब यात्रा बेतिया पहुंचेगी, जहां निशांत कुमार हरिवाटिका चौक पर राष्ट्रपिता महात्मा बापू की प्रतिमा पर माल्यार्पण करेंगे।
4 मई को वाल्मीकि टाइगर रिजर्व में जंगल सफारी
यात्रा के दौरान निशांत जनजाति समाज से मुलाकात करेंगे और प्रमुख स्थलों का निरीक्षण भी करेंगे। शाम तक वे वाल्मीकिनगर पहुंचकर पार्टी नेताओं से मुलाकात करेंगे और वहीं रात्रि विश्राम करेंगे। इसके बाद 4 मई को सद्भाव यात्रा के अगले दिन निशांत कुमार वाल्मीकि टाइगर रिजर्व में जंगल सफारी और मंदिरों में दर्शन करेंगे। इस दौरान वह बेतिया में कार्यकर्ताओं के साथ संवाद कार्यक्रम में भी शामिल होंगे। वहीं, शाम तक वे पटना वापस लौट आएंगे।
ये भी पढ़ें- ‘अपराधियों पर सम्राट सेना की कहर जारी’, बिहार में लगातार हो रहे एनकाउंटर पर NDA नेताओं का बड़ा बयान
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें

