Automobile desk: भारतीय ऑटोमोबाइल बाजार में 7-सीटर एसयूवी की बढ़ती मांग को देखते हुए निसान अपनी एक नई गाड़ी पर तेजी से काम कर रही है। ऑटोमेकर कंपनी निसान टेकटन के 7-सीटर मॉडल को भारत में पेश करने की तैयारी में है। हाल ही में इस आगामी एसयूवी के प्रोटोटाइप को सडकों पर टेस्टिंग के दौरान देखा गया है, जिससे इसके डिजाइन और फीचर्स से जुड़ी कई अहम जानकारियां सामने आई हैं। गौरतलब है कि निसान की यह नई कार रेनॉ डस्टर वाले ही मॉड्युलर CMF-B प्लेटफॉर्म पर तैयार की जा रही है। रेनॉ भी अपनी 7-सीटर डस्टर पर काम कर रही है और दोनों ही गाड़ियां एक-दूसरे से काफी समानताएं साझा करेंगी।
कैसा होगा नया डिजाइन और लुक?
टेस्टिंग के दौरान स्पॉट किए गए मॉडल को पूरी तरह से कवर किया गया था, लेकिन इसके बावजूद इसके बाहरी ढांचे से जुड़ी कई प्रमुख बातें समझ आती हैं। कार का फ्रंट लुक काफी हद तक रेगुलर 5-सीटर मॉडल की याद दिलाता है। इसमें नए स्टाइल की ग्रिल, अपडेटेड फ्रंट बंपर और शार्प हेडलाइट सेटअप के साथ एलईडी सिग्नेचर लाइटिंग देखने को मिल सकती है।
वही बात करें इसके पिछले हिस्से की, तो पीछे का हिस्सा रेगुलर मॉडल की तुलना में काफी अलग नजर आता है। कंपनी ने इसमें नया टेललाइट क्लस्टर शामिल किया है। जहां इसके 5-सीटर वेरिएंट में सी-शेप्ड एलईडी टेललाइट्स मिलती हैं, वहीं इस बड़े 7-सीटर मॉडल में लाइफ-साइकिल इम्पल्स पैटर्न पर आधारित बिल्कुल नई टेललाइट्स दी गई हैं। यह नया रियर डिजाइन इस कार को सड़क पर एक अलग और आकर्षक लुक देगा।
केबिन स्पेस और इंटीरियर लेआउट
7-सीटर निसान टेकटन के अंदरूनी हिस्से में यात्रियों के आराम का पूरा ध्यान रखा जाएगा। इसमें तीन पंक्तियों वाला सिटिंग अरेंजमेंट मिलेगा। दूसरी पंक्ति की सीटों में आगे-पीछे खिसकाने यानी स्लाइडिंग और झुकने (रिक्लाइनिंग) की सुविधा के साथ-साथ एक ही टच में सीट फोल्ड करने वाला फीचर मिलने की पूरी संभावना है, जिससे तीसरी पंक्ति में बैठने वाले यात्रियों को चढ़ने और उतरने में कोई परेशानी न हो। इसके अलावा इंटीरियर को फ्रेश लुक देने के लिए नया कलर थीम और प्रीमियम मैटेरियल इस्तेमाल किया जा सकता है।
एडवांस्ड फीचर्स की भरमार
फीचर्स के मामले में यह एसयूवी काफी हाई-टेक होने वाली है। इसमें 10.25-इंच की बड़ी टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट प्रणाली दी जा सकती है, जो वायरलेस कनेक्टिविटी को सपोर्ट करेगी। इसके साथ ही ड्राइवर के लिए 10.1-इंच का फुली डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर दिया जाएगा। कार में सफर को और मजेदार बनाने के लिए एंबिएंट लाइटिंग, वेंटिलेटेड फ्रंट सीट्स, पैनोरमिक सनरूफ और ऑटोमैटिक क्लाइमेट कंट्रोल जैसे कई आधुनिक फीचर्स दिए जाने की उम्मीद है।
दमदार टर्बो इंजन और परफॉर्मेंस
पावरट्रेन की बात करें तो इस 7-सीटर गाड़ी में 1.3-लीटर का पावरफुल टर्बोचार्ज्ड पेट्रोल इंजन मिलने की संभावना है। यह इंजन 158 हॉर्सपावर की बेहतरीन ताकत और 280 न्यूटन मीटर का टॉर्क पैदा करने में सक्षम होगा। गियरबॉक्स विकल्पों में 6-स्पीड मैनुअल और 6-स्पीड डुअल-क्लच ऑटोमैटिक ट्रांसमिशन का विकल्प दिया जा सकता है, जो ड्राइव को काफी स्मूथ और रिस्पॉन्सिव बनाएगा।


