सिरसा। हरियाणा में एक VIP शादी इन दिनों चर्चा का विषय बनी हुई है। दुल्हन रिटायर्ड कर्नल की इकलौती बेटी हैं। दूल्हा कांग्रेस के एक जिलाध्यक्ष का बेटा है। शादी में VVIP नेताओं से लेकर बड़ी संख्या में मेहमानों के पहुंचने की तैयारी है। न्योता पाने वालों में राहुल गांधी समेत कांग्रेस के कई बड़े नेता शामिल हैं। कुल 20 हजार लोगों के भोज की व्यवस्था की गई है।
यह शादी सिरसा कांग्रेस जिलाध्यक्ष संतोष बेनीवाल के छोटे बेटे नीतेश बेनीवाल की है। नीतेश 21 अक्टूबर को चंडीगढ़ की कोमल प्रीत रंधावा के साथ सात फेरे लेंगे। दोनों की यह लव मैरिज है। खास बात यह है कि दोनों की कहानी करीब पांच साल पहले चंडीगढ़ में शुरू हुई थी।
चंडीगढ़ में हुई मुलाकात, अब शादी की तैयारी
नीतेश और कोमल प्रीत एक-दूसरे को करीब चार से पांच साल से जानते हैं। चंडीगढ़ में मुलाकात के बाद दोनों के बीच बातचीत बढ़ी। धीरे-धीरे यह रिश्ता शादी तक पहुंच गया। बाद में दोनों परिवार भी मिले और शादी पर सहमति बनी।
22 फरवरी 2026 को दोनों की रिंग सेरेमनी हुई थी। अब 21 अक्टूबर को शादी होने जा रही है। इस तरह पांच साल पहले शुरू हुआ साथ अब नए रिश्ते में बदलने जा रहा है।
दुल्हन के पिता रिटायर्ड कर्नल, मां वकील
कोमल प्रीत रंधावा चंडीगढ़ की रहने वाली हैं। उनके पिता जगजीत सिंह रंधावा सेना में कर्नल रह चुके हैं। उनकी मां वंदना पेशे से एडवोकेट हैं। कोमल अपने माता-पिता की इकलौती संतान हैं। उन्होंने पुणे से एमबीए किया है और पेशे से इंटीरियर डिजाइनर हैं।
वहीं, नीतेश बेनीवाल संतोष बेनीवाल के छोटे बेटे हैं। वह बीए पास हैं और परिवार का कारोबार संभालते हैं। उनके बड़े भाई दीपेश की शादी हो चुकी है। दीपेश का एक बेटा भी है, जिसका नाम एकलव्य है।
राहुल गांधी से हुड्डा तक, कई बड़े नेताओं को न्योता
शादी में राजनीतिक जगत की कई बड़ी हस्तियों को आमंत्रित किया गया है। इनमें लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा, कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह और सांसद कुमारी सैलजा समेत कई नेताओं के नाम शामिल हैं।
20 हजार लोगों के भोज की व्यवस्था भी इस आयोजन को खास बना रही है। अब सबकी नजरें शादी समारोह पर हैं। देखना होगा कि आमंत्रित नेताओं में से कौन-कौन इस समारोह में पहुंचता है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

