बॉलीवुड अभिनेता आमिर खान की तीसरी शादी को लेकर महाराष्ट्र सरकार में मंत्री और भाजपा नेता नितेश राणे का बयान चर्चा का केंद्र बन गया है। राणे ने आमिर खान पर तीखा हमला बोलते हुए उन्हें “लव जिहाद का ब्रांड एंबेसडर” तक कह दिया। उनके इस बयान के बाद राजनीतिक गलियारों के साथ-साथ सोशल मीडिया पर भी बहस तेज हो गई है। फिलहाल आमिर खान की ओर से इस बयान पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

‘हिंदू युवाओं को सोच-समझकर तय करना चाहिए आदर्श’

मीडिया से बातचीत के दौरान नितेश राणे ने कहा कि हिंदू समाज, विशेषकर युवाओं को यह विचार करना चाहिए कि वे किन लोगों को अपना आदर्श मान रहे हैं। उन्होंने कहा कि बड़े सेलिब्रिटी जब अपनी निजी जिंदगी से जुड़े फैसले लेते हैं तो उसका सामाजिक प्रभाव भी पड़ता है।

राणे ने कहा, “जो हिंदू युवा उन्हें सेलिब्रिटी मानते हैं, उन्हें यह सोचना चाहिए कि उनसे क्या प्रेरणा लेनी है। लव जिहाद के ब्रांड एंबेसडर कौन हैं? आमिर खान बनते नहीं जा रहे? हिंदू युवाओं को यह तय करना चाहिए कि वे किन लोगों की फिल्में देखें और उन्हें कितना समर्थन दें।”

जुलाई के पहले सप्ताह में हुई आमिर खान की तीसरी शादी

रिपोर्ट्स के मुताबिक, आमिर खान ने जुलाई के पहले सप्ताह में गौरी स्प्रैट से मुंबई के बांद्रा स्थित पाली हिल स्थित अपने घर पर बेहद निजी समारोह में शादी की। इस समारोह में केवल परिवार के सदस्य और करीबी दोस्त शामिल हुए।

गौरी स्प्रैट मूल रूप से बेंगलुरु की रहने वाली हैं। वह ब्यूटी और वेलनेस इंडस्ट्री से जुड़ी रही हैं तथा सैलून चेन BBlunt की पार्टनर और डायरेक्टर रह चुकी हैं। वर्तमान में वह आमिर खान प्रोडक्शंस के कार्यों में भी सहयोग कर रही हैं।

25 साल पुरानी दोस्ती, फिर बदला रिश्ता

आमिर खान और गौरी स्प्रैट एक-दूसरे को करीब 25 वर्षों से जानते थे। साल 2024 में आमिर की कजिन नुजहत खान के जरिए दोनों की दोबारा मुलाकात हुई, जिसके बाद दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं। मार्च 2025 में अपने 60वें जन्मदिन पर आमिर खान ने पहली बार गौरी को मीडिया के सामने अपनी “पार्टनर” के रूप में परिचित कराया था।

गौरतलब है कि आमिर खान की पहली शादी रीना दत्ता (1986–2002) और दूसरी शादी किरण राव (2005–2021) से हुई थी। अब उनकी तीसरी शादी और उस पर आए राजनीतिक बयान को लेकर देशभर में चर्चा जारी है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m