भोपाल। राष्ट्रीय नीति आयोग की 11वीं गवर्निंग काउंसिल की बैठक 11 जून को नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में आयोजित होने जा रही है। बैठक का विषय है ‘2047 तक विकसित भारत के लिए समावेशी मानव विकास’। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव इस महत्वपूर्ण बैठक में भाग लेने के लिए 10 जून को ही नई दिल्ली पहुंच चुके हैं।

नीति आयोग की शासी परिषद की इस बैठक में राज्यों के मुख्यमंत्री और उपराज्यपाल समावेशी मानव विकास मॉडल पर चर्चा करने के लिए एकत्रित होंगे। बैठक में मुख्य रूप से ‘बुनियादी मानव पूंजी और भविष्य के लिए तैयार कौशल’, ‘उत्पादक रोजगार, उद्यमिता और विकेंद्रीकृत विकास’, ‘स्वास्थ्य, पोषण और कल्याण’ और ‘सभी के लिए समानता और गरिमा’ से संबंधित विषयों पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा। बैठक में देश भर में उद्यमिता को बढ़ावा देने, कौशल विकास को बढ़ाने और स्थायी रोजगार के अवसर सृजित करने के उपायों पर भी विचार-विमर्श किया जाएगा।

इस बैठक में सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के मुख्यमंत्री, केंद्र शासित प्रदेशों के उपराज्यपाल/प्रशासक, केंद्रीय मंत्री पदेन सदस्य और विशेष आमंत्रित सदस्य के रूप में तथा नीति आयोग के उपाध्यक्ष, सदस्य और मुख्य कार्यकारी अधिकारी उपस्थित रहेंगे।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m