कुंदन कुमार, पटना। बिहार की राजनीतिक गलियारों में हलचल तेज हो गई है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन आज अपने दो दिवसीय दौरे पर पटना पहुंच रहे हैं। इस यात्रा के दौरान उनका मुख्य फोकस आगामी एमएलसी (विधान परिषद) चुनाव की तैयारियों की समीक्षा करना और पार्टी संगठन को धार देना है।
प्रत्याशियों और वोटरों के फीडबैक पर रहेगा विशेष जोर
अपने इस दौरे के दौरान राष्ट्रीय अध्यक्ष पार्टी द्वारा उतारे गए एमएलसी प्रत्याशियों से व्यक्तिगत रूप से मुलाकात करेंगे। इस दौरान चुनाव प्रचार की अब तक की स्थिति, जमीनी हालात और वोटरों के फीडबैक पर विस्तार से चर्चा की जाएगी। पार्टी यह सुनिश्चित करना चाहती है कि चुनाव में किसी भी स्तर पर कोई कमी न रहे, इसलिए रणनीतिक सुदृढ़ीकरण पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
प्रदेश संगठन के साथ अहम बैठक
पटना पहुंचने के बाद नितिन नवीन पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और प्रदेश संगठन के पदाधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय बैठक करेंगे। इस बैठक में चुनावी रणनीतियों के साथ-साथ आगामी राजनीतिक कार्यक्रमों और संगठनात्मक मजबूती पर भी मंथन होने की पूरी संभावना है।
यह दौरा आगामी विधान परिषद चुनावों के लिहाज से भाजपा के लिए बेहद अहम माना जा रहा है, जिससे पार्टी कार्यकर्ताओं में भी नया जोश भरने की उम्मीद है।

