कुंदन कुमार, पटना। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने विपक्ष और राहुल गांधी पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि देश को अस्थिर करने की साजिश रचने वाली ताकतों को जनता कभी माफ नहीं करेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि कुम्हरार सेवा सहायता पोर्टल स्थानीय लोगों से सीधा संवाद और उनकी समस्याओं के समाधान का एक मजबूत जरिया बनेगा।

​हर घर तिरंगा देश की शान, अराजकता का प्रतीक नहीं

नितिन नवीन ने दिल्ली में जारी विरोध प्रदर्शनों को नकारात्मक करार देते हुए कहा कि राहुल गांधी विकास के मुद्दों पर बात करने के बजाय देश में माहौल बिगाड़ने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा, हम वो लोग हैं जिन्होंने कश्मीर के लाल चौक पर तिरंगा फहराया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘हर घर तिरंगा’ अभियान चलाकर हर भारतीय को इस गौरव से जोड़ा, जबकि विरोधी दल अपने घरों पर तिरंगा तक नहीं फहराते थे। तिरंगा भारत के स्वाभिमान का प्रतीक है, अराजकता फैलाने का जरिया नहीं।

​25 वर्षों से जारी जनसेवा का संकल्प

सेवा संकल्प अभियान के एक महीने पूरे होने के अवसर पर उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बीते 25 वर्षों से लगातार जनता की सेवा में समर्पित हैं। नए विधायक नई तकनीक और जनसेवा के संकल्प के साथ जनता के बीच आए हैं और अपने सभी वादों को पूरा करेंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ विदेशी ताकतें और उनके ‘टूलकिट’ का हिस्सा बनकर राहुल गांधी देश की बढ़ती साख को पचा नहीं पा रहे हैं।

​हार की बौखलाहट में चुनाव आयोग पर निशाना

वोटर लिस्ट में गड़बड़ी और वोट चोरी के आरोपों का कड़ा जवाब देते हुए भाजपा अध्यक्ष ने सवाल किया कि जब मतदाता सूची का प्रकाशन हुआ था, तब कितनी आपत्तियां दर्ज कराई गईं? उन्होंने कहा कि जब विपक्ष चुनाव हार जाता है, तो अपनी खीझ चुनाव आयोग पर निकालता है। केरल और तमिलनाडु में जीतने पर चुनाव आयोग ठीक रहता है, लेकिन बिहार और बंगाल में हारते ही सवाल उठाए जाने लगते हैं। कभी बूथ लूटने और ‘जंगलराज’ चलाने वाले लोग आज लोकतंत्र की दुहाई दे रहे हैं, लेकिन देश की जागरूक जनता इन्हें करारा जवाब देगी।