कुंदन कुमार, पटना। बांकीपुर उपचुनाव अब अपने निर्णायक मोड़ पर पहुंच चुका है। चुनाव प्रचार के आज आखिरी दिन बीजेपी इस उपचुनाव को जीतने के लिए अपनी पूरी ताकत झोंकती हुई नजर आ रही है। उपचुनाव के लिए भाजपा के कई वरिष्ठ नेताओं के बाद अब बिहार के पूर्व सीएम और जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार ने भी भाजपा उम्मीदवार नीरज सिन्हा के समर्थन में वोट करने के लिए बांकीपुर की जनता से अपील की है।

दरअसल बिहार बीजेपी ने सोशल मीडिया एक्स पर नीतीश कुमार का एक वीडियो शेयर किया है, जिसमें वह विधानसभा क्षेत्र के लोगों से भाजपा प्रत्याशी नीरज सिन्हा को वोट देने और उन्हें जिताने की बात कर रहे हैं।

पूर्व सीएम नीतीश ने बीजेपी के लिए मांगे वोट

नीतीश कुमार ने अपने वीडियो संदेश में कहा कि, बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र के प्यारे मतदाताओं, आप सभी को मेरा प्रणाम। आप जानते हैं कि आपके विधानसभा क्षेत्र में उपचुनाव हो रहा है और 30 जुलाई को मतदान होना है। उन्होंने कहा, जनता के विश्वास, सहयोग और आशीर्वाद से पिछले दो दशकों में सुशासन और न्याय के साथ विकास के कार्यों को ईमानदारी से धरातल पर उतारा गया है। विकास की इस गति को बनाए रखने और विकसित बिहार के संकल्प को पूरा करने के लिए प्रत्येक वोट महत्वपूर्ण है।

अंत में नीतीश कुमार ने फिर से बांकीपुर के मतदाताओं से अपील करते हुए कहा कि वे एनडीए प्रत्याशी नीरज सिन्हा को अपना आशीर्वाद दें और कमल चुनाव चिन्ह के सामने बटन दबाकर भारी मतों से विजयी बनाएं।

सीएम सम्राट और नितिन नबीन का भव्य रोड शो

आपको बता दें कि बांकीपुर उपचुनाव को लेकर कल सोमवार की शाम सीएम सम्राट चौधरी, भाजपा अध्यक्ष नितिन नबीन और एनडीए के कई नेताओं ने पटना में भव्य रोड शो कर नीरज सिन्हा के समर्थन में वोट मांगा। वहीं, पवन सिंह और मनोज तिवारी भी लगातार सभा कर जन समर्थन जुटाते हुए लोगों से भाजपा के लिए वोट करने की अपील करते हुए नजर आ रहे हैं। उनकी सभाओं में काफी संख्या में भी लोग पहुंच रहे हैं। वहीं, अब पूर्व सीएम नीतीश कुमार के वीडियो संदेश के बाद बांकीपुर का उपचुनाव का प्रचार पहले से और तेज हो गया है।

30 जुलाई को होगा मतदान

बता दें कि बांकीपुर उपचुनाव के लिए मतदान होने में अब महज 2 दिन का ही समय शेष बचा है। आज शाम 5 बजे के बाद चुनाव के प्रचार प्रसार पर रोक लग जाएगी। बांकीपुर का उपचुनाव भाजपा, जनसुराज और राजद के बीच त्रिकोणीय होने के आसार हैं। भाजपा से नीरज सिन्हा, जन सुराज से प्रशांत किशोर और राजद से रेखा गुप्ता मैदान में हैं। वहीं, 3 अगस्त को चुनाव का परिणाम सामने आएगा।

ये भी पढ़ें- Bihar Today Weather: बिहार के 23 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट, पटना में बूंदाबांदी के आसार