पटना। हाल ही में राज्यसभा सांसद बनने के बाद केंद्र की राजनीति में व्यस्त चल रहे पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जब जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा के आवास पहुंचे, तो वहां का राजनीतिक माहौल अचानक गरमा गया। उनके पहुंचते ही कार्यकर्ताओं ने गर्मजोशी से उनका स्वागत किया और ‘सुपर सीएम जिंदाबाद’ के नारे लगाए। इस दिलचस्प वाकये का वीडियो और चर्चाएं अब सियासी गलियारों में तेजी से तैर रही हैं।

​कार्यकर्ताओं के बीच घिरे नीतीश, मुस्कुराते नजर आए

​मंगलवार को जब पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार संजय झा के आवास पर पहुंचे, तो वहां मौजूद जदयू कार्यकर्ताओं ने पूरे जोश के साथ ‘सुपर सीएम जिंदाबाद’ के नारे लगाने शुरू कर दिए। नारे गूंजते देख नीतीश कुमार अपनी हंसी नहीं रोक पाए और मुस्कुराते हुए नजर आए। इस मुलाकात के दौरान नीतीश कुमार ने संजय झा को निर्देश देते हुए कहा कि वे सभी कार्यकर्ताओं से अच्छे से मिलें और उनकी समस्याओं से जुड़े सभी कागजात अपने पास लें। इसके साथ ही उन्होंने संजय झा को दोपहर 3 बजे अपने पास आने का समय भी दिया।

​अक्टूबर से शुरू हो सकती है नीतीश कुमार की बिहार यात्रा

​मुलाकात के बाद संजय झा ने मीडिया को जानकारी दी कि उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री से मानसून और बरसात के बाद एक बार फिर से बिहार यात्रा पर निकलने का आग्रह किया है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यदि नीतीश कुमार अक्टूबर से यात्रा पर निकलते हैं, तो इससे राज्य में पार्टी कार्यकर्ताओं का मनोबल तो बढ़ेगा ही, साथ ही राजनीतिक समीकरणों में भी हलचल देखने को मिलेगी। हालांकि, इससे पहले रविवार को पटना के मेदांता अस्पताल में भर्ती योजना एवं विकास मंत्री भगवान सिंह कुशवाहा से मिलने पहुंचे नीतीश कुमार का भी जोरदार स्वागत हुआ था। अस्पताल के बाहर मौजूद भीड़ ने उन्हें देखते ही कहा था बिहार आपको बहुत मिस कर रहा है नीतीश जी। इस पर नीतीश कुमार ने हाथ जोड़कर सबका अभिवादन किया और मुस्कुराते हुए आगे निकल गए।

​राजद का तीखा तंज- एनडीए में कुछ ठीक नहीं चल रहा

​इस पूरे घटनाक्रम पर राष्ट्रीय जनता दल (RJD) ने तुरंत प्रतिक्रिया देते हुए एनडीए गठबंधन पर निशाना साधा है। राजद प्रवक्ता एजाज अहमद ने बयान जारी कर कहा कि एनडीए के भीतर सब कुछ ठीक नहीं चल रहा है। उन्होंने कहा कि जदयू कार्यकर्ता अब सम्राट चौधरी को मुख्यमंत्री के रूप में स्वीकार नहीं कर रहे हैं, यही वजह है कि ऐसे नारे सामने आ रहे हैं। राजद ने यह भी दावा किया कि अक्टूबर में नीतीश कुमार की संभावित यात्रा से एनडीए का अंदरूनी खेल और अंतर्विरोध पूरी तरह से जनता के सामने बेनकाब हो जाएगा।

​संजय झा का पलटवार- तेजस्वी करते हैं पार्ट-टाइम पॉलिटिक्स

​जदयू नेता संजय झा ने राजद के आरोपों और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव पर कड़ा पलटवार किया है। उन्होंने तेजस्वी यादव को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि वे केवल पार्ट-टाइम पॉलिटिक्स करते हैं। जब हाल ही में देशव्यापी या राज्य से जुड़े मुद्दे उठे थे, तब तेजस्वी यादव देश से बाहर विदेश में छुट्टियां मना रहे थे। संजय झा ने तंज कसते हुए कहा कि अब जब आंदोलन समाप्त हो चुका है और संबंधित लोगों की समस्याएं सुनी जा चुकी हैं, तो ऐसे में तेजस्वी यादव अब किस बात का आंदोलन कर रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि राजद अब बिखरने की कगार पर पहुंच चुकी है और पार्टी पूरी तरह से तेजस्वी के नियंत्रण से बाहर हो चुकी है, इसलिए उन्हें दूसरों पर टिप्पणी करने के बजाय अपनी पार्टी की गिरती हालत पर ध्यान देना चाहिए।