कुंदन कुमार, पटना। बिहार की सियासत से जुड़ी एक बड़ी खबर सामने आई है। दरअसल एमएलसी चुनाव को लेकर अनंत सिंह और नीरज कुमार के बीच जारी विवाद को लेकर आज सोमवार की सुबह पूर्व सीएम और जदयू अध्यक्ष नीतीश कुमार ललन सिंह के आवास पर पहुंचे, जहां दोनों नेताओं के बीच लगभग 15 मिनट तक बातचीत हुई। इसके बाद नीतीश कुमार वहां से रवाना हो गए। सुबह-सुबह हुई इस मुलाकात ने सियासी गलियारों खासकर जदयू खेमें में चर्चाओं का बाजार गर्म कर दिया है।
ललन सिंह को मिली विवाद सुलझाने की जिम्मेदारी
गौरतलब है कि हालही में नीतीश कुमार ने ललन सिंह को अनंत सिंह और नीरज कुमार के विवाद को सुलझाने की जिम्मेदारी दी थी। हालांकि ठिक इसके उलट ललन सिंह ने खुले मंच से इस विवाद को सुलझाने से इंकार कर दिया। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि, हम किसी के बीच में नहीं पड़ते हैं। अगर दोनों मिलना चाहेंगे तो हम समझौता करा सकते हैं, लेकिन पंचायती नहीं करेंगे।
नीरज कुमार का विरोध कर रहे हैं अनंत सिंह
गौरतलब है कि पूरा विवाद अनंत सिंह और नीरज कुमार के बीच का है, दरअसल जदयू ने पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से नीरज कुमार को एक बार फिर से टिकट दिया है, जिसका अनंत सिंह यह कहते हुए खुलकर विरोध कर रहे हैं कि नीरज सिंह ने भी उनका चुनाव में विरोध किया था और उन्हें साजिश के तहत जेल भेजा गया। उन्होंने इसे पार्टी से अलग मुद्दा बताते हुए कहा कि इस मामले में पार्टी के किसी भी नेता को नहीं पड़ना चाहिए। अनंत सिंह पटना स्नातक से जन सुराज के प्रत्याशी अनुज सिंह के पक्ष में प्रचार कर और वोट मांग रहे हैं।
नीतीश मनाते तो मान जाता- अनंत सिंह
हालही में अनंत सिंह और नीतीश कुमार की भी मुलाकात हुई थी, जिसे लेकर एक मीडिया इंटरव्यू के दौरान अनंत सिंह ने कहा था कि, नीतीश कुमार अगर हमको मनाते, तो हम मान जाते। लेकिन अभी तक नीतीश कुमार ने मुझे कुछ नहीं कहा है। ललन सिंह ने भी मुझे कुछ नहीं बोला है। अगर मुझे पार्टी की तरफ से कोई बुलाए तो मैं जाने को और अपनी बात रखने को तैयार हूं। नीतीश जी से मेरी मुलाकात हुई थी, लेकिन उन्होंने इस विषय पर कुछ नहीं कहा।
ये भी पढ़ें- जदयू को बड़ा झटका: पूर्व विधायक अशोक सिंह राजद में शामिल, बोले- मैं घर वापस आया हूं…

