Technology Desk – Google Account Selfie Video Feature : अगर कभी आप अपने Google Account का पासवर्ड भूल जाएं या अकाउंट में लॉग-इन करने में परेशानी आए, तो अब रिकवरी पहले से आसान हो सकती है. Google ने अकाउंट की सुरक्षा और पहचान को मजबूत बनाने के लिए Selfie Video नाम का नया फीचर शुरू किया है. इसमें यूजर अपने चेहरे का छोटा वीडियो रिकॉर्ड कर सकता है, जिसकी मदद से जरूरत पड़ने पर उसकी पहचान की पुष्टि की जाएगी.

क्या है Selfie Video फीचर?

Selfie Video एक नया पहचान सत्यापन (Verification) तरीका है. इसमें यूजर पहले से अपने Google Account में चेहरे का एक छोटा वीडियो सेव करता है. बाद में यदि अकाउंट रिकवर करने की जरूरत पड़ती है, तो Google नया वीडियो रिकॉर्ड कराकर दोनों का मिलान करता है. पहचान सही मिलने पर अकाउंट तक पहुंच आसान हो जाती है.

ऐसे करें अपने Google Account में सेटअप

इस सुविधा का इस्तेमाल करने के लिए सबसे पहले अपने Google Account में लॉग-इन करें. इसके बाद Account Settings में जाकर Security & Sign-in सेक्शन खोलें. यहां How you sign in to Google के अंदर Selfie Video का विकल्प दिखाई देगा. निर्देशों का पालन करते हुए कैमरे के सामने अपना चेहरा रिकॉर्ड करें. प्रक्रिया पूरी होने के बाद वीडियो आपके अकाउंट से सुरक्षित रूप से जुड़ जाएगा. अगर आप कंप्यूटर इस्तेमाल कर रहे हैं और उसमें वेबकैम नहीं है, तो Google QR Code दिखाएगा. इसे मोबाइल से स्कैन करके भी रिकॉर्डिंग पूरी की जा सकती है.

वीडियो रिकॉर्ड करते समय इन बातों का रखें ध्यान

बेहतर पहचान के लिए रिकॉर्डिंग के दौरान चेहरा पूरी तरह साफ दिखाई देना चाहिए. आंखें, नाक और मुंह ढके नहीं होने चाहिए. चश्मा, मास्क या टोपी जैसी चीजें हटाकर वीडियो रिकॉर्ड करना बेहतर रहेगा. साथ ही कैमरे के सामने केवल आपका चेहरा होना चाहिए और इंटरनेट कनेक्शन व कैमरा चालू होनी चाहिए.

किन यूजर्स को अभी नहीं मिलेगा यह फीचर?

Google इस सुविधा को चरणबद्ध तरीके से जारी कर रहा है. फिलहाल यह फीचर सभी अकाउंट्स के लिए उपलब्ध नहीं है. Google Workspace, बच्चों के Google Accounts और Advanced Protection Program से जुड़े अकाउंट्स में अभी इसका उपयोग नहीं किया जा सकता.

जरूरत पड़ने पर वीडियो हटा भी सकते हैं

अगर भविष्य में आप Selfie Video का इस्तेमाल नहीं करना चाहते, तो Google Account की सेटिंग्स में जाकर इसे कभी भी डिलीट किया जा सकता है. हालांकि वीडियो हटाने के बाद अकाउंट रिकवरी के लिए यह विकल्प उपलब्ध नहीं रहेगा. यदि समय के साथ चेहरे में बड़ा बदलाव आ जाए, तो नया वीडियो अपडेट करना भी बेहतर माना जाता है.