कृष्ण कुमार सैनी, चंडीगढ़।हरियाणा कांग्रेस के नए प्रभारी का कार्यभार संभालने से पहले ही संगठन में नई सक्रियता का संदेश देने की कोशिश शुरू हो गई है। पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं के नाम लिखे खुले पत्र में उन्होंने एकजुट होकर चुनावी लड़ाई लड़ने और संगठन को मजबूत बनाने का आह्वान किया है।
अपने पहले संदेश में उन्होंने साफ किया कि वह प्रभारी के तौर पर नहीं, बल्कि कांग्रेस परिवार के एक सदस्य के रूप में काम करेंगे। उन्होंने वरिष्ठ नेताओं के अनुभव और युवा कार्यकर्ताओं की ऊर्जा को पार्टी की सबसे बड़ी ताकत बताया।
हरियाणा कांग्रेस के नवनियुक्त प्रदेश प्रभारी संजय दत्त ने सोशल मीडिया पर जारी खुले पत्र में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के नेतृत्व में पार्टी के लोक-कल्याण और न्याय के संकल्प को आगे बढ़ाने की बात कही। उन्होंने प्रदेश नेतृत्व से लेकर बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं तक सभी के साथ कंधे से कंधा मिलाकर काम करने का भरोसा दिया और कहा कि पार्टी की मजबूती संगठन की एकता, आपसी विश्वास और जमीनी कार्यकर्ताओं की मेहनत से ही संभव है।
अपने संदेश के अंत में संजय दत्त ने हरियाणा की स्थानीय बोली में चुनावी नारा भी दिया। उन्होंने लिखा, “अबके कसर नी छोड़नी” और “जीत अपनी सै”, साथ ही कहा कि सभी की राय और सुझाव के साथ कांग्रेस हरियाणा में अपने संगठन को और मजबूत करेगी तथा विजय संकल्प को पूरा करने की दिशा में आगे बढ़ेगी।

