Bankipur by-election nomination: पटना की बांकीपुर विधासभा सीट पर होने वाले उपचुनाव के लिए आज सोमवार (6, जुलाई) से नामांकन की प्रक्रिया शुरू हो गई है। चुनाव लड़ने वाले उम्मीदवार आज से 13 जुलाई तक अपना नामांकन पत्र दाखिल कर सकते हैं। नामांकन को देखते हुए जिला-प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। इसके साथ ही पूरे कलेक्ट्रेट परिसर की सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
बांकीपुर उपचुनाव नामांकन कि प्रक्रिया
जारी अधिसूचना के अनुसार बांकीपुर उपचुनाव के लिए नामांकन की पूरी प्रक्रिया पटना कलेक्ट्रेट परिसर स्थित पटना सदर अनुमंडल कार्यालय की दूसरी मंजिल पर स्थित भूमि सुधार उप समाहर्ता (डीसीएलआर) के कोर्ट रूम में की जाएगी। सभी उम्मीदवार तय तिथि के अंदर सुबह 11 बजे से लेकर दोपहर 3 बजे तक अपना नामांकन पत्र जमा कर सकते हैं। तय कार्यक्रम के अनुसार 14 जुलाई को उम्मीदवारों द्वारा दाखिल किए गए नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी।
वहीं, 16 जुलाई तक उम्मीदवार के पास अपना नाम वापस लेने का मौका होगा। इसके बाद चुनावी उम्मीदवारों की अंतिम और फाइनल लिस्ट जारी की जाएगी। इसके बाद मतदान प्रक्रिया 30 जुलाई को संपन्न होगी, जिसके पश्चात सभी प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला 3 अगस्त को मतगणना के दिन होगा।
कलेक्ट्रेट परिसर में BNSS की धारा 163 लागू
नामांकन के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन ने कलेक्ट्रेट परिसर में BNSS की धारा 163 लागू कर दी है। नामांकन के दौरान किसी भी उम्मीदवार के साथ अधिक से अधिक केवल 5 लोगों को ही नामांकन कक्ष में प्रवेश करने की अनुमति मिलेगी। यदि किसी उम्मीदवार के साथ सरकारी या निजी सुरक्षा कर्मी (बॉडीगार्ड) मौजूद हैं, तो उन्हें नामांकन स्थल से 100 मीटर पहले ही रोक दिया जाएगा।
पटना का हाई-प्रोफाइल सीट है बांकीपुर
बता दें कि बांकीपुर विधानसभा सीट पटना की हाई-प्रोफाइल सीटों में से एक है। बीजेपी का इस सीट पर दबदबा रहा है। साल 2025 में हुए विधानसभा चुनाव में बीजेपी से नितिन नबीन ने चुनाव जीता था। हालांकि चुनाव के महज कुछ महीने बाद ही बीजेपी ने उन्हें राष्ट्रीय अध्यक्ष बना दिया और राज्यसभा का सदस्य बना दिया, जिसके बाद खाली हुई सीट पर उपचुनाव हो रहा है।
जनसुराज ने इस सीट से प्रशांत किशोर को मैदान में उतारकर बांकीपुर उपचुनाव को और भी रोचक बना दिया है। उधर राजद भी इस सीट पर अपना कब्जा जमाकर बिहार की राजनीति में खुद को स्थापित करना चाहेगी। सूत्रों की माने तो कायस्थ बहुल इस क्षेत्र से बीजेपी पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता अजय आलोक को बांकीपुर से अपना उम्मीदवार बना सकती है। हालांकि इसपर अंतिम फैसला बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन का ही होगा, जो आज पटना पहुंच रहे हैं।
ये भी पढ़ें- डबल मर्डर से दहल उठा बिहार, बांका में सिट्टू सिंह और गुंजन सिंह की गोली मारकर हत्या

