बॉलीवुड अभिनेत्री नोरा फतेही शुक्रवार को दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट में पेश हुईं। उन्होंने महाठग सुकेश चंद्रशेखर से जुड़े 200 करोड़ रुपये की वसूली मामले में अभियोजन पक्ष की गवाह के तौर पर अपना बयान दर्ज कराया। सुनवाई के दौरान नोरा ने सुकेश की पत्नी लीना मारिया पॉल से चेन्नई में हुई मुलाकात और सुकेश से फोन पर हुई बातचीत को लेकर कई अहम खुलासे किए।

लीना पॉल ने कराई थी सुकेश से फोन पर बात

एडिशनल सेशन जज गगनदीप सिंह की अदालत में गवाही देते हुए नोरा ने बताया कि दिसंबर 2020 में उन्हें चेन्नई में एक चैरिटी कार्यक्रम के लिए बुलाया गया था। इस कार्यक्रम की आयोजक लीना पॉल थीं। नोरा को बतौर चीफ गेस्ट शामिल होना था और डांस प्रतियोगिता को जज करना था।

नोरा के मुताबिक, कार्यक्रम के दौरान लीना अपने परिवार और कुछ अन्य लोगों के साथ उनसे मिलने पहुंचीं। उन्होंने बताया कि उनके पति सुकेश उनसे बात करना चाहते हैं। इसके बाद लीना ने फोन को स्पीकर पर डालकर सुकेश से उनकी बात कराई।

नोरा ने बताया कि सुकेश ने उन्हें कार्यक्रम में आने के लिए धन्यवाद दिया और कहा कि उसका परिवार उनका प्रशंसक है। इसी बातचीत के दौरान लीना ने उन्हें कार गिफ्ट करने की पेशकश की। सुकेश ने भी फोन पर इस गिफ्ट को स्वीकार करने के लिए कहा।

कोर्ट में पेश न होने पर लगी थी फटकार

इससे पहले 2 नवंबर को पेशी से छूट मांगने पर कोर्ट ने नोरा के रवैये पर नाराजगी जताई थी। अदालत ने स्पष्ट किया था कि गवाह होने के नाते उनका पेश होना जरूरी है। बाद में नोरा ने शुक्रवार को अदालत पहुंचकर अपना बयान दर्ज कराया। मामले की अगली सुनवाई 30 नवंबर को होगी।

नोरा आरोपी नहीं, अभियोजन पक्ष की गवाह

नोरा की टीम ने पहले ही स्पष्ट किया था कि वह इस मामले में आरोपी नहीं, बल्कि अभियोजन पक्ष की गवाह हैं। दिल्ली पुलिस की चार्जशीट में उनका नाम LW-3 के रूप में दर्ज है। वहीं, अभिनेत्री जैकलीन फर्नांडिस इस मामले से जुड़े अलग-अलग कानूनी मामलों में जांच और अदालती कार्यवाही का सामना कर रही हैं।

क्या है 200 करोड़ रुपये की ठगी का मामला?

आरोप है कि सुकेश चंद्रशेखर ने खुद को सरकारी अधिकारी बताकर पूर्व रैनबैक्सी प्रमोटर शिविंदर मोहन सिंह की पत्नी अदिति सिंह से 2020 से 2021 के बीच करीब 200 करोड़ रुपये की वसूली की थी। इस मामले में सुकेश की पत्नी लीना पॉल की भूमिका की भी जांच हुई। दिल्ली पुलिस और प्रवर्तन निदेशालय (ED) इस मामले की जांच कर रहे हैं।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m