कठिनाइयों से घबरा कर निराशा और हताशा के अंधकार में घिर जाना सामान्य सी बात है। ऐसी परिस्थिति में लगता है जैसे सब कुछ समाप्त हो गया है। इस अंधेरे में अपने दो मित्र सदा साथ रखें, जिनमें एक धैर्य और दूसरा विश्वास। एक इंग्लिश Proverb है “Every cloud has a silver lining” जिसका संदेश है कि हर बुराई में कुछ अच्छाई छिपी होती है और विकट संकट का समाधान बहुत निकट होता है। यह कहावत जीवन का गहरा सत्य है। जिस तरह घने बादलों के पीछे सूर्य की किरणें छिपी होती हैं उसी प्रकार, जीवन की हर विपदा अपने साथ कोई न कोई अवसर लेकर आती है। असफलता हमें हमारी वास्तविक क्षमता से परिचय कराती है इसलिए हर चुनौती को एक नई सीख के रूप में स्वीकार करें। दृष्टिकोण के बदलते ही निराशा के स्थान पर आशा जन्म लेती है और कठिनाइयाँ हमारा पथ प्रदर्शन करती हैं। नज़रिया बदल कर देखा जाए तो समझ में आता है कि बुरा समय हमें तोड़ने नहीं बल्कि बेहतर बनाने आया होता है।

जब भी जीवन अंधकार में डूबा नज़र आए, प्रतीक्षा कीजिए क्योंकि उजाला आपके बहुत क़रीब है जैसे प्रत्येक काले मेघ की एक चमकदार किनारी होती है वैसे ही दुःख के हर पहाड़ के पीछे सुख का एक सुंदर नगर बसा होता है। बस उसे देखकर पहचान लेने वाली दृष्टि विकसित करनी होगी। सकारात्मक सोच का यही एक मात्र रथ है जो हमें सफलता और संतोष की ओर ले जा सकता है।


संदीप अखिल

सलाहकार संपादक

न्यूज़ 24 मध्य प्रदेश छत्तीसगढ़/लल्लूराम डॉट कॉम

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H