सुमन राजपूत ,करनाल।करनाल के सरकारी अस्पताल से पुलिस कस्टडी से फरार हुए कुख्यात बदमाश गुरजीत को पुलिस ने 23 दिन बाद आखिरकार गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को मंगलवार देर रात अंबाला से दबोचा गया। आज उसे करनाल कोर्ट में पेश किया जाएगा, जहां पुलिस रिमांड लेकर उससे गहन पूछताछ कर सकती है।

पुलिस अधिकारियों का मानना है कि गुरजीत से पूछताछ के दौरान उसके आपराधिक नेटवर्क, साथियों और विभिन्न लूट की वारदातों से जुड़े अहम राज सामने आ सकते हैं। गिरफ्तारी के बाद उसकी सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी कर दी गई है।

अस्पताल से हुआ था फरार

गौरतलब है कि गुरजीत को 25 मई को गिरफ्तार किया गया था। गिरफ्तारी के दौरान पुलिस मुठभेड़ में उसके कूल्हे में गोली लगी थी, जिसके बाद उसे इलाज के लिए करनाल के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया था।इसी दौरान वह अस्पताल की तीसरी मंजिल से पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया था, जिसके बाद पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठे थे।

पेट्रोल पंप लूटकांड का आरोपी

पंजाब के खरड़ निवासी गुरजीत पर 2 मई को तरावड़ी स्थित चौधरी पेट्रोल पंप पर लूट की नीयत से फायरिंग करने का आरोप है। इसके अलावा वह करनाल, कुरुक्षेत्र, सोनीपत और पलवल समेत कई जिलों में पेट्रोल पंप लूट की पांच वारदातों में वांटेड था।

कोर्ट में होगी पेशी

पुलिस आज आरोपी को अदालत में पेश कर रिमांड मांगेगी। जांच एजेंसियां यह भी पता लगाने में जुटी हैं कि फरारी के दौरान उसे किसने शरण दी और वह किन-किन लोगों के संपर्क में रहा। 23 दिन तक पुलिस को चकमा देने वाला कुख्यात आरोपी अब सलाखों के पीछे है, और उससे पूछताछ में कई बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।