Technology Desk : भारत में UPI से पेमेंट करने वालों की संख्या लगातार बढ़ रही है। हालांकि, अभी भी करोड़ों लोग ऐसे हैं जो स्मार्टफोन की जगह फीचर फोन इस्तेमाल करते हैं। ऐसे यूजर्स के लिए PhonePe ने UPI 123Pay सुविधा शुरू की है। इसकी मदद से फीचर फोन यूजर्स बिना इंटरनेट के भी UPI पेमेंट कर सकेंगे। PhonePe के मुताबिक, देश में 20 करोड़ से ज्यादा फीचर फोन यूजर्स हैं। नई सुविधा का मकसद इन लोगों को डिजिटल पेमेंट से जोड़ना है।

बिना इंटरनेट कर सकेंगे पेमेंट

PhonePe UPI 123Pay को खास तौर पर फीचर फोन के लिए तैयार किया गया है। इसमें SMS आधारित तकनीक का इस्तेमाल किया जाता है। इससे कमजोर 2G नेटवर्क वाले इलाकों में भी पेमेंट करने की सुविधा मिल सकती है। यूजर्स मोबाइल नंबर या UPI ID के जरिए किसी को पैसे भेज सकेंगे। इसके अलावा दुकान पर UPI ID या QR कोड के जरिए भी भुगतान किया जा सकेगा। फीचर फोन से यूजर्स अपना बैंक बैलेंस और ट्रांजैक्शन हिस्ट्री भी चेक कर पाएंगे।

इन कंपनियों के फोन में मिलेगी सुविधा

PhonePe ने इस सुविधा के लिए Nokia, HMD, Lava International और Itel Mobile के साथ साझेदारी की है। इन कंपनियों के कुछ फीचर फोन में PhonePe UPI 123Pay पहले से उपलब्ध होगा। कंपनी आने वाले समय में दूसरे फीचर फोन निर्माताओं को भी इस सुविधा से जोड़ने की तैयारी कर रही है। आगे इसमें बिल पेमेंट, मोबाइल रिचार्ज और Aadhaar से UPI रजिस्ट्रेशन जैसी सुविधाएं भी जोड़ी जा सकती हैं।

12 भारतीय भाषाओं में AI वॉयस हेल्पलाइन

फीचर फोन यूजर्स को UPI शुरू करने और इस्तेमाल करने में परेशानी न हो, इसके लिए PhonePe ने AI आधारित वॉयस हेल्पलाइन भी शुरू की है। यह सेवा अंग्रेजी के अलावा 12 भारतीय भाषाओं में मदद करेगी। यूजर बातचीत के जरिए सेटअप और पेमेंट से जुड़े सवालों का जवाब पा सकेगा।

फीचर फोन में UPI 123Pay कैसे शुरू करें?

UPI 123Pay शुरू करने के लिए स्मार्टफोन या इंटरनेट की जरूरत नहीं होगी। इसके लिए ये स्टेप्स फॉलो करने होंगे:

फीचर फोन में मौजूद PhonePe ऐप खोलें।
नियम और शर्तों को पढ़कर स्वीकार करें।
अपना बैंक अकाउंट चुनें।
डेबिट कार्ड के आखिरी 6 अंक और एक्सपायरी डेट दर्ज करें।
अपना UPI PIN सेट करें।
इसके बाद आपकी UPI ID एक्टिव हो जाएगी।
फीचर फोन से UPI पेमेंट कैसे करें?
मोबाइल नंबर या UPI ID से पैसे भेजने के लिए:

PhonePe ऐप खोलें।
Pay to Mobile Number या Pay to UPI ID विकल्प चुनें।
सामने वाले का मोबाइल नंबर या UPI ID दर्ज करें।
रिसीवर की जानकारी जांचें।
पेमेंट की राशि दर्ज करें।
अपना UPI PIN डालकर OK दबाएं।
इसके बाद स्क्रीन पर पेमेंट सफल होने की जानकारी दिखाई देगी।
अगर फीचर फोन में कैमरा है, तो Scan & Pay विकल्प से QR कोड स्कैन करके भी भुगतान किया जा सकेगा।

फीचर फोन यूजर्स के लिए क्यों खास है?

UPI 123Pay की सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसके जरिए फीचर फोन इस्तेमाल करने वाले लोग भी बिना स्मार्टफोन और इंटरनेट के डिजिटल पेमेंट कर सकते हैं। इससे खासकर उन ग्रामीण और दूरदराज के इलाकों में रहने वाले लोगों को फायदा मिल सकता है, जहां इंटरनेट कनेक्टिविटी अभी भी एक बड़ी समस्या है।