चंडीगढ़। हरियाणा सरकार ने प्रदूषण फैलाने वाली औद्योगिक इकाइयों के खिलाफ बड़ा कदम उठाया है। अब प्रदेश में उद्योगों के प्रदूषण स्तर की निगरानी सीधे मुख्यालय से की जाएगी और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी।
हरियाणा राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (एचएसपीसीबी) ने इसके लिए अपने मुख्यालय में एक विशेष मॉनिटरिंग सेल स्थापित किया है। यह सेल उद्योगों में लगाए गए ऑनलाइन कंटीन्यूअस इफ्लुएंट एंड एमिशन मॉनिटरिंग सिस्टम (OCEMS) के माध्यम से प्रदूषण के स्तर पर चौबीसों घंटे नजर रखेगा।
नोटिस जारी कर की जाएगी क़ानूनी कार्रवाई
बोर्ड के अधिकारियों के अनुसार, यदि कोई औद्योगिक इकाई निर्धारित पर्यावरण मानकों का पालन नहीं करती पाई जाती है, तो उसे तत्काल नोटिस जारी किया जाएगा। लगातार उल्लंघन की स्थिति में संबंधित इकाई के खिलाफ कड़ी प्रशासनिक और कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी।
नई व्यवस्था आज से लागू
यह नई व्यवस्था सोमवार से पूरे प्रदेश में लागू कर दी गई है। सरकार का कहना है कि इस पहल से प्रदूषण नियंत्रण व्यवस्था और अधिक प्रभावी होगी तथा उद्योगों को पर्यावरणीय नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करना होगा।
हरियाणा में स्वच्छ पर्यावरण और प्रदूषण नियंत्रण की दिशा में यह कदम अहम माना जा रहा है, जिससे प्रदूषण फैलाने वालों पर अब तकनीक के जरिए सीधी नजर रखी जाएगी।

