Technology Desk: अगर आपका फोन बार-बार हैंग होता है या कुछ समय इस्तेमाल करने के बाद स्लो हो जाता है, तो Android 17 का नया फीचर आपके लिए उपयोगी हो सकता है। Google ने नए ऑपरेटिंग सिस्टम में ऐप्स के RAM इस्तेमाल को नियंत्रित करने का सिस्टम पेश किया है। इसका मकसद किसी एक ऐप को जरूरत से ज्यादा मेमोरी इस्तेमाल करने से रोकना है, ताकि पूरे फोन की परफॉर्मेंस प्रभावित न हो।

ऐप की RAM पर सिस्टम रखेगा नजर

Android 17 में ऑपरेटिंग सिस्टम यह तय कर सकेगा कि कोई ऐप कितनी मेमोरी इस्तेमाल कर सकता है। अगर कोई ऐप जरूरत से ज्यादा RAM लेने लगेगा, तो सिस्टम उसके मेमोरी इस्तेमाल को सीमित कर सकेगा। जरूरत पड़ने पर Android ऐप के डेटा को कंप्रेस करके कम RAM में चलाने की कोशिश करेगा। इससे कुछ ऐप थोड़े धीमे महसूस हो सकते हैं। अगर इसके बाद भी ऐप लगातार बहुत ज्यादा मेमोरी इस्तेमाल करता है, तो सिस्टम उसे बंद भी कर सकता है।

3GB और 4GB RAM वाले फोन को ज्यादा फायदा

इस फीचर का सबसे ज्यादा फायदा कम RAM वाले स्मार्टफोन्स को मिल सकता है। 3GB या 4GB RAM वाले फोन में भारी ऐप या कई ऐप एक साथ चलाने पर मेमोरी जल्दी खत्म हो जाती है। इससे फोन स्लो होने, ऐप दोबारा लोड होने या हैंग होने की समस्या आती है। Android 17 में सिस्टम किसी एक ऐप को जरूरत से ज्यादा RAM इस्तेमाल करने से रोक सकेगा, जिससे बाकी सिस्टम के लिए भी मेमोरी उपलब्ध रहेगी।

बड़े ऐप्स के लिए बढ़ सकती है परेशानी

कुछ गेमिंग, वीडियो एडिटिंग और प्रोफेशनल ऐप्स को ज्यादा RAM की वास्तविक जरूरत होती है। ऐसे ऐप्स के लिए नई मेमोरी लिमिट चुनौती बन सकती है। अगर डेवलपर्स ने ऐप को Android 17 के नए सिस्टम के अनुसार ऑप्टिमाइज नहीं किया, तो ऐप धीमा हो सकता है या ज्यादा मेमोरी की जरूरत पड़ने पर बंद भी हो सकता है।

Pixel के बाद दूसरे Android फोन तक पहुंचेगा फीचर

Google ने इस तरह के मेमोरी कंट्रोल की शुरुआत Pixel स्मार्टफोन्स से की थी। अब Android 17 के साथ इसे दूसरे Android डिवाइसेज तक पहुंचाने की तैयारी है। यह 4GB RAM वाले एंट्री-लेवल फोन से लेकर 16GB RAM वाले प्रीमियम स्मार्टफोन्स तक अलग-अलग डिवाइसेज में काम कर सकेगा। इस फीचर के जरिए Android का फोकस किसी एक ऐप को ज्यादा RAM देने के बजाय पूरे फोन की मेमोरी को संतुलित तरीके से इस्तेमाल करने पर रहेगा।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H