नूंह। हरियाणा के नूंह में पोस्टिंग बदलने के नाम पर रिश्वत लेने के मामले में एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने होमगार्ड अनीश को 4 हजार रुपए लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोप है कि अनीश ने पलवल से नूंह पोस्टिंग करवाने के बदले अपने ही विभाग के साथी होमगार्ड से 7 हजार रुपए मांगे थे। वह 3 हजार रुपए पहले ही ले चुका था। बाकी 4 हजार रुपए लेते समय ACB ने उसे पकड़ लिया। जांच के दौरान नूंह सेंटर कमांडर विक्रम की भूमिका भी सामने आई, जिसके बाद उसे भी गिरफ्तार कर लिया गया।

शिकायतकर्ता की ड्यूटी फिलहाल पलवल जिले में लगी हुई थी। वह अपनी पोस्टिंग नूंह जिले में करवाना चाहता था। आरोप है कि इसके लिए होमगार्ड अनीश ने उससे 7 हजार रुपए की रिश्वत मांगी थी। अनीश ने कथित तौर पर कहा था कि रुपये नहीं देने पर उसकी ड्यूटी पलवल में ही लगी रहेगी और उसका ट्रांसफर नहीं होने दिया जाएगा।

ऑडियो रिकॉर्डिंग के साथ ACB में शिकायत

शिकायतकर्ता ने मामले की शिकायत भिवानी ACB से की। उसने प्रूफ के तौर पर ऑडियो रिकॉर्डिंग भी सौंपी। इस रिकॉर्डिंग में अनीश के साथ रिश्वत की बातचीत होने की बात सामने आई।

शिकायत मिलने के बाद भिवानी ACB टीम ने जांच की और ट्रैप लगाया। अनीश पहले ही शिकायतकर्ता से 3 हजार रुपए ले चुका था। इसके बाद वह बाकी 4 हजार रुपए लेने पहुंचा। इसी दौरान ACB टीम ने उसे रंगे हाथ पकड़ लिया।

पूछताछ में सेंटर कमांडर की भूमिका सामने आई

अनीश की गिरफ्तारी के बाद ACB ने उससे पूछताछ की और साक्ष्यों की जांच की। इसमें नूंह के सेंटर कमांडर विक्रम की भूमिका भी सामने आई। रिश्वत के मामले में शामिल होने के सबूत मिलने के बाद ACB ने विक्रम को भी गिरफ्तार कर लिया।

फिलहाल दोनों आरोपियों को ACB टीम थाने ले गई है। वहां उनसे पूछताछ की जा रही है।j

गुरुग्राम ACB थाने में FIR

ACB इंचार्ज भिवानी जगजीत सिंह के मुताबिक, अनीश और विक्रम के खिलाफ गुरुग्राम के ACB पुलिस थाने में FIR दर्ज की गई है। मामले में केस नंबर 43 दर्ज हुआ है।

दोनों के खिलाफ BNS की धारा 308(2) और भ्रष्टाचार निरोधक कानून के तहत मामला दर्ज किया गया है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m