यमुनानगर। हरियाणा के यमुनानगर जिले में धान के उठान में हो रही देरी को लेकर गुरुवार को किसानों का गुस्सा फूट पड़ा. आक्रोशित किसानों ने जगाधरी मार्केट कमेटी कार्यालय के मुख्य द्वार पर ताला जड़ दिया. तालाबंदी के दौरान मार्केट कमेटी के चेयरमैन और कई प्रशासनिक अधिकारी कार्यालय के भीतर ही बंद हो गए. घटना की सूचना मिलते ही एसडीएम विश्वनाथ भारी पुलिस बल और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंचे और किसानों से बातचीत कर ताला खुलवाने का प्रयास किया.
मंडी में हजारों कट्टे खुले में पड़े, भीगने का सता रहा डर
किसानों का कहना है कि जगाधरी मंडी में धान के हजारों कट्टे खुले आसमान के नीचे पड़े हुए हैं. मंडी में अब नई फसल लाने के लिए जगह नहीं बची है. बारिश का मौसम शुरू होने के कारण खुले में रखी फसल के भीगकर खराब होने का बड़ा खतरा बना हुआ है. किसानों ने चेतावनी दी कि यदि समय रहते मंडी से उठान नहीं हुआ तो आने वाले दिनों में फसल लाने वाले किसानों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ेगा.
30-40 गाड़ियों के आश्वासन पर भी अड़े किसान
भारतीय किसान यूनियन के जिलाध्यक्ष संजू ने बताया कि मंडी में जमा फसल को हटाने के लिए मौजूदा उठान की गति बहुत धीमी है. मौके पर पहुंचे एसडीएम विश्वनाथ ने किसानों को बताया कि संबंधित एजेंसी से बात करके गुरुवार को 30 गाड़ियां लगाई गई हैं और अगले दिन गाड़ियों की संख्या बढ़ाकर 40 कर दी जाएगी. हालांकि, किसान प्रशासन के इस आश्वासन से संतुष्ट नहीं हुए और मंडी से तुरंत उठान कराने के लिए सीधे 60 गाड़ियां लगाने की मांग पर अड़े रहे.
नमी जांचने वाली मशीनों की रीडिंग में अंतर का आरोप
किसानों ने मंडी में धान की नमी जांचने की प्रक्रिया पर भी गंभीर सवाल खड़े किए. उन्होंने आरोप लगाया कि आढ़तियों की मशीनों और मार्केट कमेटी की नमी जांचने वाली मशीनों की रीडिंग में साफ अंतर आ रहा है, जिससे किसानों को नुकसान हो रहा है. किसानों ने प्रशासन से मांग की कि इस तकनीकी गड़बड़ी का तुरंत समाधान किया जाए.
जिले की कई मंडियों में हालात खराब, धरना जारी रखने का ऐलान
किसान नेताओं का कहना है कि धान उठान की यह समस्या केवल जगाधरी मंडी तक सीमित नहीं है, बल्कि यमुनानगर जिले की कई अन्य मंडियों में भी ऐसे ही हालात बने हुए हैं. किसानों ने साफ कर दिया है कि जब तक धान के उठान की रफ्तार नहीं बढ़ाई जाती और समस्याओं का स्थायी समाधान नहीं होता, तब तक उनका विरोध प्रदर्शन और धरना जारी रहेगा.
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

