पानीपत। हरियाणा के पानीपत कोर्ट परिसर स्थित वकीलों की चैंबर बिल्डिंग के पास तारीख पर आए एक गवाह पर हथियारबंद बदमाशों ने ताबड़तोड़ हमला कर दिया. बदमाशों ने गंडासियों, लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से वार कर युवक को पीट-पीटकर अधमरा कर दिया. इस दौरान आरोपियों ने पार्किंग में खड़ी पांच गाड़ियों में भी जमकर तोड़फोड़ की और एक गाड़ी से रजिस्ट्री के लिए रखा 2.50 लाख रुपये कैश भरा बैग लेकर फरार हो गए. घटना के तुरंत बाद गंभीर रूप से घायल युवक को सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है.

केस की सुनवाई के दौरान दूसरे पक्ष ने किया हमला

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, दो पक्षों के बीच चल रहे आपसी विवाद के केस की रूटीन तारीख पर दोनों पक्ष कोर्ट आए हुए थे. जब शिकायतकर्ता पक्ष वकीलों की बिल्डिंग के पीछे पार्किंग में मौजूद था, तभी दूसरे पक्ष के 5-6 युवकों ने अचानक लाठी-डंडों और गंडासियों से हमला बोल दिया. इस जानलेवा हमले में गंगाराम कॉलोनी निवासी गवाह नहीम गंभीर रूप से घायल हो गया. पुलिस जांच में आरोपियों की पहचान रोड खुखराणा निवासी अक्षय व सुमित, मतलौडा निवासी शुभम और कवि निवासी जतिन उर्फ काटा के रूप में हुई है.

5 गाड़ियों में तोड़फोड़, अर्टिगा से 2.50 लाख रुपये कैश चोरी

वारदात के समय गोपाल कॉलोनी निवासी अजय अपनी अर्टिगा गाड़ी से रजिस्ट्री के सिलसिले में वकील से मिलने कोर्ट आया था. उसने गाड़ी पार्किंग में खड़ी की और अंदर चला गया. जब वह झगड़े की आवाज सुनकर बाहर आया तो उसकी गाड़ी के शीशे टूटे मिले. गाड़ी में रखा बैग भी गायब था, जिसमें रजिस्ट्री के महत्वपूर्ण दस्तावेज और 2.50 लाख रुपये नकद रखे थे. बदमाशों ने गवाह पर हमले के साथ-साथ वहां खड़ी कुल पांच गाड़ियों के शीशे फोड़ दिए.

सीसीटीवी में कैद हुआ खौफनाक मंजर

घटना का एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें वारदात का खौफनाक दृश्य साफ दिखाई दे रहा है. वीडियो में दिख रहा है कि कोर्ट की पार्किंग में बदमाशों का झुंड युवक को घेरकर लाठी-डंडों व गंडासियों से लगातार पीट रहा है. युवक के सिर और पैर पर कई वार किए गए, जिससे वह मौके पर ही निढाल होकर गिर पड़ा.

पुलिस बल मौके पर पहुंचा, जांच जारी

अदालत परिसर जैसे सुरक्षित इलाके में दिनदहाड़े हुई इस हिंसक वारदात और लूट की घटना से वकीलों व आम जनता में हड़कंप मच गया. सूचना मिलते ही पुलिस बल भारी संख्या में मौके पर पहुंचा और स्थिति को संभाला. पुलिस ने मौका-मुआयना कर तोड़फोड़, जानलेवा हमले और 2.50 लाख रुपये कैश चोरी की धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m